नोएडा के सेक्टर-25ए में बनेगा बिजनेस पार्क, AI और IT कंपनियों को मिलेगा मौका
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (19/11/2026): नोएडा को बड़े बिजनेस और टेक्नोलॉजी हब के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत सेक्टर-25ए में करीब 5 लाख वर्गमीटर जमीन पर बिजनेस पार्क बनाया जाएगा। योजना के पहले चरण में 2 लाख वर्गमीटर जमीन आवंटित करने की तैयारी है। इस परियोजना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) और IT कंपनियों को निवेश का मौका मिलेगा।
बिजनेस पार्क में कंपनियों के लिए कार्यालयों के साथ व्यावसायिक गतिविधियों की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। योजना के तहत 1 लाख वर्गमीटर कमर्शियल स्पेस भी उपलब्ध कराया जाएगा। यहां मॉल, ऑफिस, रिसर्च सेंटर, स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी। इससे नोएडा में नई कंपनियों के आने और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
ई-बिडिंग से चुना जाएगा मास्टर डेवलपर
परियोजना के लिए मास्टर डेवलपर का चयन प्रतिस्पर्धी ई-बिडिंग के माध्यम से किया जाएगा। इसे DBFOT मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इस मॉडल के तहत चयनित डेवलपर परियोजना की डिजाइनिंग, निर्माण, वित्तीय व्यवस्था और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगा। जमीन का मालिकाना हक नोएडा प्राधिकरण के पास ही रहेगा। योजना में 45 साल की लीज का प्रावधान होगा, जिसे अगले 45 साल तक बढ़ाया जा सकेगा।
जल्द लॉन्च होगी योजना
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के मुताबिक, बिजनेस पार्क की योजना जल्द लॉन्च की जाएगी। पहले चरण में 2 लाख वर्गमीटर जमीन आवंटित करने के बाद अगले चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके जरिए IT-ITES, AI और GCC सेक्टर की कंपनियों को नोएडा में अपना कारोबार स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
वेव इंफ्राटेक ने वापस की थी जमीन
सेक्टर-25ए की यह जमीन पहले वेव इंफ्राटेक को आवंटित की गई थी। कंपनी ने PSP पॉलिसी के तहत जमीन नोएडा प्राधिकरण को वापस कर दी थी। अब प्राधिकरण इस जमीन का उपयोग बिजनेस पार्क विकसित करने के लिए करने जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद नोएडा में तकनीकी और व्यावसायिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलने के साथ निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।