ग्रेटर नोएडा में 250 करोड़ से फूड प्रोसेसिंग सेंटर बनाएगा Lulu Group

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (10/11/2026): ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय कंपनी लुलु ग्रुप (Lulu Group) अपने कारोबार का विस्तार करने जा रही है। कंपनी यहां 250 करोड़ रुपये के निवेश से फूड प्रोसेसिंग और लॉजिस्टिक्स सेंटर विकसित कर रही है। करीब 20 एकड़ जमीन पर तैयार हो रही इस परियोजना से क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण, भंडारण और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने इस सेंटर को दिसंबर 2026 में शुरू करने का लक्ष्य रखा है।

यह परियोजना ग्रेटर नोएडा के सेक्टर इकोटेक-10 में विकसित की जा रही है। इसके लिए लुलु ग्रुप की सहायक कंपनी फेयर एक्सपोर्ट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को करीब 20 एकड़ औद्योगिक जमीन आवंटित की गई है। लगभग 2,75,900 वर्गफुट क्षेत्र में बनने वाले इस सेंटर में कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, भंडारण और निर्यात से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

इस परियोजना की खास बात यहां बनने वाला कोल्ड स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर है। इसमें 100 रेफ्रिजरेटेड कंटेनर रखने की क्षमता होगी। इससे फल, सब्जियों और अन्य जल्दी खराब होने वाले खाद्य उत्पादों को नियंत्रित तापमान में सुरक्षित रखने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे कंपनी की खाद्य उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।

लुलु ग्रुप की इस परियोजना से ग्रेटर नोएडा में लॉजिस्टिक्स और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े कारोबार को बढ़ावा मिलने की संभावना है। इसके अलावा वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग, परिवहन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में भी नए व्यावसायिक अवसर पैदा हो सकते हैं। हालांकि, इस परियोजना से कितने लोगों को रोजगार मिलेगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि लुलु ग्रुप ग्रेटर नोएडा में पहले ही अपने रिटेल कारोबार की शुरुआत कर चुका है। कंपनी ने 18 अक्टूबर 2026 को अल्फा-2 स्थित आईथम्स गैलेरिया मॉल में करीब एक लाख वर्गफुट क्षेत्र में अपना हाइपरमार्केट खोला था। यहां किराना, फल-सब्जियां, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान, बेकरी और रेडी-टू-ईट फूड सहित कई तरह के उत्पाद उपलब्ध हैं। अब फूड प्रोसेसिंग और लॉजिस्टिक्स सेंटर के जरिए कंपनी औद्योगिक क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने की तैयारी में है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।