गाजियाबाद में राशन की दुकान पर हुआ हंगामा, कोटेदार पर 50 रुपये मांगने का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (10/11/2026): गाजियाबाद के शहीदनगर में मंगलवार सुबह सरकारी राशन की दुकान पर राशन वितरण के दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। राशन कार्डधारकों ने कोटेदार पर निर्धारित मात्रा से करीब 3 किलो कम राशन देने का आरोप लगाया। इस दौरान महिलाओं समेत कई लोगों ने विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि राशन लेने के लिए 50 रुपये मांगे जाते थे। इसके अलावा साबुन, मसाले और ऐशट्रे की किट लाने का दबाव भी बनाया जाता था। लोगों का कहना है कि इस वजह से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मंगलवार सुबह करीब 9 बजे राशन वितरण शुरू हुआ। इसी दौरान राशन लेने पहुंचे कार्डधारकों ने कम मात्रा में राशन मिलने की शिकायत की। देखते ही देखते दुकान पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया।

स्थानीय निवासी राकेश और फहीमा ने बताया कि उनके परिवार के सदस्यों के नाम राशन कार्ड में दर्ज हैं। उनका आरोप है कि दीपावली से पहले राशन वितरण होना था, लेकिन समय पर राशन नहीं बांटा गया। कार्डधारकों ने यह भी दावा किया कि राशन के बदले पैसे और अन्य सामान मांगने से जुड़े व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट उनके पास मौजूद हैं।

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को बताया कि राशन वितरण से जुड़ा मामला संबंधित विभाग का है और वे अधिकारियों से इसकी शिकायत करें। कार्डधारकों ने कहा कि वे 12 नवंबर को जिलाधिकारी से मिलकर कोटेदार के खिलाफ शिकायत करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।