ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी के दो मामले, APK फाइल डाउनलोड करते ही हैक हुआ मोबाइल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (06/11/2026): ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में ठगों ने दो लोगों के बैंक खातों से कुल 16 लाख रुपये निकाल लिए। एक मामले में अस्पताल में डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर मोबाइल में APK फाइल डाउनलोड कराई गई, जिसके बाद खाते से 7 लाख रुपये निकाल लिए गए। वहीं, दूसरे मामले में रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी के खाते से 9 लाख रुपये की रकम निकाल ली गई।
पहला मामला कासना क्षेत्र का है, जहां रहने वाले बिजेंद्र की पत्नी की तबीयत खराब होने पर वह दादरी के नवीन अस्पताल में डॉक्टर को दिखाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर डॉक्टर का मोबाइल नंबर तलाशा। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अस्पतालकर्मी बनकर उन्हें फोन किया और ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर APK फाइल भेज दी। बिजेंद्र ने फाइल डाउनलोड कर उसमें कुछ सामान्य जानकारी भर दी। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 7 लाख रुपये निकाल लिए गए। खाते से पैसे कटने का संदेश आने पर उन्हें ठगी का पता चला।
दूसरा मामला सेक्टर-78 का है, जहां रहने वाले रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारी शंकरन के बैंक खाते से 9 लाख रुपये निकाल लिए गए। 2 नवंबर को उनके मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के संदेश आए। जांच करने पर पता चला कि ठगों ने उनके नाम पर डीएमआई फाइनेंस और किसेत्सु कंपनियों से लोन भी लिया और रकम निकाल ली। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं किया था। उन्हें आशंका है कि मोबाइल में APK फाइल के जरिए सेंध लगाई गई।
दोनों पीड़ितों ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बुधवार को साइबर क्राइम थाने में दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों शिकायतों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान नंबर से मिलने वाली APK फाइल डाउनलोड न करें। अस्पताल, बैंक या किसी अन्य सेवा का संपर्क नंबर इंटरनेट पर तलाशते समय भी सावधानी बरतें। अनजान लिंक और फाइल के जरिए मोबाइल और बैंक खाते की जानकारी तक पहुंच बनाई जा सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।