कब से शुरू होगा दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन के नए रूट पर सफर?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (03 November 2026): दिल्ली (Delhi) मेट्रो के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। मेट्रो के फेज-4 के तहत निर्माणाधीन मजेंटा लाइन एक्सटेंशन के केशोपुर से पुष्पांजलि के बीच छह किलोमीटर लंबे हिस्से पर इसी महीने ट्रायल शुरू होने जा रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) के मुताबिक, इस रूट पर दिसंबर के अंत तक यात्री सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। इस हिस्से के तैयार होने से पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों को मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।

केशोपुर से पुष्पांजलि के बीच कुल छह स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें केशोपुर, पश्चिम विहार, पीरागढ़ी, मंगोलपुरी, वेस्ट एंक्लेव और पुष्पांजलि स्टेशन शामिल हैं। इस रूट पर चालक रहित मेट्रो ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। खास बात यह है कि पीरागढ़ी स्टेशन पर मजेंटा लाइन का ग्रीन लाइन के साथ इंटरचेंज होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां दोनों लाइनों को जोड़ने वाला 160 मीटर लंबा फुट ओवरब्रिज भी बनाया गया है।

इस कॉरिडोर के शुरू होने से मजेंटा लाइन का विस्तार होगा और यह दिल्ली मेट्रो की चार प्रमुख लाइनों से जुड़ जाएगी। पीरागढ़ी में ग्रीन लाइन, पीतमपुरा में रेड लाइन, हैदरपुर बादली मोड़ पर येलो लाइन और मजलिस पार्क में पिंक लाइन से कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली, एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 और नोएडा के बोटेनिकल गार्डन तक मेट्रो से आवागमन आसान होगा। मजलिस पार्क तक मजेंटा लाइन की लंबाई बढ़कर 55 किलोमीटर हो जाएगी।

जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर करीब 29 किलोमीटर लंबा है, जिसके कुछ हिस्सों पर पहले ही मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। केशोपुर से पुष्पांजलि वाला हिस्सा शुरू होने के बाद एनसीआर में मेट्रो नेटवर्क की लंबाई बढ़कर 422 किलोमीटर और स्टेशनों की संख्या 309 हो जाएगी। इस विस्तार से न केवल यात्रियों को नए रूट का विकल्प मिलेगा, बल्कि चार प्रमुख मेट्रो लाइनों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।