दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण तो पंजाब सरकार पर क्यों बरसे मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (03 November 2026): दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के बीच पराली जलाने को लेकर सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा (Manjinder Singh Sirsa) ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के बजाय पुलिस और सरकारी अधिकारी खुद किसानों को पराली जलाने में मदद कर रहे हैं। सिरसा ने दावा किया कि सामने आए कुछ दृश्यों में पंजाब पुलिस के जवान जलती हुई पराली के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी के दोहरे रवैये का उदाहरण बताते हुए पंजाब सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली की वायु गुणवत्ता को लेकर आंकड़े पेश करते हुए कहा कि वर्ष 2026 में अब तक 220 दिन ऐसे दर्ज किए गए हैं, जब दिल्ली की हवा साफ रही। उनके मुताबिक, इस साल अक्टूबर पिछले 10 वर्षों में सबसे स्वच्छ अक्टूबर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार हुआ है और दिल्ली सरकार के प्रयासों से पिछले आठ महीनों में प्रदूषण के स्तर को कम करने में कामयाबी मिली है। हालांकि, उन्होंने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में अब तक 1,000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।
सिरसा ने आरोप लगाया कि पंजाब में एक तरफ किसानों से पराली जलवाई जा रही है और दूसरी तरफ उन्हीं किसानों के खिलाफ अज्ञात एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई पूरे मामले में सांठगांठ की ओर इशारा करती है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व पर निशाना साधते हुए उन्होंने अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) से दिल्ली के हित में राजनीति से ऊपर उठने की अपील की। सिरसा ने कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल जी और मनीष सिसोदिया जी से हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं कि दिल्ली को फिर से बर्बाद न करें। जिस दिल्ली को आपने 10 सालों में बदहाल किया था, वह अब धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है।”
दिल्ली सरकार के प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रयासों का जिक्र करते हुए पर्यावरण मंत्री ने बताया कि राजधानी में अब तक 13 हजार से अधिक ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं और इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग हर दिन प्रदूषण की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि पंजाब के खेतों में पराली जलने से राजधानी की हवा प्रभावित हो रही है। सिरसा ने केजरीवाल से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर जनता के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से राहत दिलाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।