ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक पर जाम से मिलेगी राहत, 92 करोड़ की लागत से बना अंडरपास तैयार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida West News (03/11/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक (चार मूर्ति चौक) पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां करीब 92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार छह लेन के अंडरपास का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों का लक्ष्य है कि दिवाली से पहले इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी जाए।

करीब 700 मीटर लंबे इस अंडरपास के शुरू होने से गौर सिटी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास की आवासीय सोसायटियों में रहने वाले हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासतौर पर ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद आने-जाने वाले वाहन चालकों को चार मूर्ति चौक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके चालू होने से इस व्यस्त चौराहे पर यातायात का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।

फिलहाल निर्माण एजेंसी की ओर से सड़क पर सफेद पट्टियां बनाने, स्ट्रीट लाइट लगाने, दीवारों की रंगाई और अन्य सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। अंडरपास की दीवारों को आकर्षक रूप देने के लिए इंडिया गेट, कुतुब मीनार, भगवान बुद्ध और चंद्रयान की तस्वीरें बनाई गई हैं। वहीं, निर्माण के दौरान जलभराव की समस्या को भी ध्यान में रखा गया है, ताकि बारिश के मौसम में वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह के मुताबिक, अंडरपास को दिवाली तक शुरू करना प्राथमिकता में शामिल है। मुख्य निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। इसके शुरू होने से गौर चौक पर यातायात का दबाव घटने के साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों के सफर का समय भी कम होने की संभावना है।

इस परियोजना का निर्माण जुलाई 2024 में शुरू हुआ था। शुरुआत में इसके लिए करीब 60 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था, लेकिन निर्माण के दौरान विभिन्न तकनीकी और व्यवस्थागत कार्यों के चलते कुल लागत बढ़कर लगभग 92 करोड़ रुपये पहुंच गई। परियोजना में अंडरपास निर्माण के अलावा रास्ते में आने वाली बिजली, पानी और अन्य उपयोगिता सेवाओं की लाइनों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का कार्य भी शामिल रहा।

परियोजना के मुख्य अंडरपास हिस्से की लंबाई करीब 160 मीटर है, जबकि रैंप और अन्य निर्माण कार्यों को मिलाकर पूरा प्रोजेक्ट लगभग 730 मीटर क्षेत्र में फैला है। इसे शुरुआती योजना के अनुसार करीब 18 महीने में पूरा किया जाना था, लेकिन वायु प्रदूषण के कारण लागू ग्रेप प्रतिबंधों, बारिश, यूटिलिटी लाइनों को स्थानांतरित करने और रैंप निर्माण में आई बाधाओं के चलते काम प्रभावित हुआ। अब मुख्य निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को इसके संचालन की आधिकारिक तारीख का इंतजार है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।