दिल्ली में प्रदूषण का कहर: कई इलाकों में AQI 450 के पार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (03 November 2026): दिवाली से पहले ही दिल्ली (Delhi) की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है और कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। मंगलवार सुबह केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 451 AQI दर्ज किया गया, जबकि रोहिणी में 431, पंजाबी बाग में 424, अलीपुर में 415, विवेक विहार में 411, बवाना और DTU में 409 तथा नरेला में 408 AQI रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिल्ली के 20 से ज्यादा इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से 400 के बीच बना हुआ है, जो बेहद खराब स्थिति को दर्शाता है।

प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण की पाबंदियां लागू कर दी हैं। इससे पहले सोमवार को दिल्ली का औसत AQI 324 दर्ज किया गया था, जबकि एक नवंबर को यह 261 और 31 अक्टूबर को 117 था। यानी महज तीन दिनों में राजधानी की हवा की गुणवत्ता में तेजी से गिरावट आई है। प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को भी प्रदूषण बढ़ने की एक प्रमुख वजह बताया गया है। GRAP-2 के तहत पहले चरण के सभी प्रतिबंध भी जारी रहेंगे।

GRAP-2 लागू होने के बाद लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। दिल्ली मेट्रो ने भी प्रदूषण पर नियंत्रण के प्रयासों के तहत सोमवार से सप्ताह के दिनों में 20 अतिरिक्त फेरे शुरू किए हैं। इसके अलावा प्रमुख सड़कों पर मशीनों से सफाई और पानी का छिड़काव बढ़ाया जाएगा। प्रदूषण हॉटस्पॉट और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय तेज होंगे। आरडब्ल्यूए को सफाई व्यवस्था बेहतर रखने और खुले में लकड़ी व कचरा जलाने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सरकारी और निजी संस्थानों से वर्क फ्रॉम होम के विकल्प को बढ़ावा देने की अपील की गई है।

दिल्ली में प्रदूषण का संकट सिर्फ हवा तक सीमित नहीं है, बल्कि यमुना नदी की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। कालिंदी कुंज के पास यमुना में एक बार फिर जहरीले झाग दिखाई दिए हैं। आगामी छठ पर्व को देखते हुए नदी में झाग की समस्या से निपटने के लिए केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। ऐसे में राजधानी के सामने एक साथ वायु और जल प्रदूषण की चुनौती खड़ी हो गई है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार 301 से 400 AQI बेहद खराब और 401 से 500 AQI गंभीर श्रेणी में आता है। जहांगीरपुरी में 451 AQI दर्ज होना राजधानी में प्रदूषण की गंभीर स्थिति को बयां कर रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।