New Delhi News (03 November 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) में बुधवार, 4 नवंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। संगठन का कहना है कि इस मार्च के जरिए छात्र आंदोलनों में कथित अराजकता, राजनीतिक हस्तक्षेप और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। ABVP ने दावा किया है कि दिल्ली के अलग-अलग विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से 10 हजार से अधिक विद्यार्थी इस मार्च में शामिल होंगे। संगठन ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों से मार्च में हिस्सा लेने की अपील की है।
ABVP के दिल्ली स्टेट सेक्रेटरी सार्थक शर्मा ने कहा कि पिछले एक साल में दिल्ली में प्रदूषण, NEET और छात्र हितों से जुड़े कई मुद्दों पर प्रदर्शन हुए हैं। उनके मुताबिक, इन आंदोलनों के दौरान कई बार मूल मांगों से अलग राजनीतिक नारेबाजी की गई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर होने वाले आंदोलनों का इस्तेमाल दूसरे राजनीतिक और वैचारिक मुद्दों को उठाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। संगठन इसी मुद्दे को लेकर छात्र मार्च आयोजित कर रहा है।
सार्थक शर्मा ने NEET पेपर लीक मामले और जामिया मिल्लिया इस्लामिया (Jamia Millia Islamia) में छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर हुए आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि NEET मामले में ABVP ने सबसे पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर न्याय और जवाबदेही की मांग उठाई थी, लेकिन बाद में आंदोलन से जुड़े मंचों पर उमर खालिद और शरजील इमाम की रिहाई के समर्थन में नारे लगाए गए। वहीं, जामिया में छात्र संघ चुनाव बहाली के आंदोलन के दौरान कुछ जगहों पर ‘फ्री कश्मीर’ जैसे नारे लिखे जाने का भी उन्होंने आरोप लगाया।
ABVP के राष्ट्रीय मंत्री आदित्य तत्यार ने NEET पेपर लीक मामले में संगठन की मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि ABVP ने मामले की CBI जांच, उच्चस्तरीय समिति के गठन और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन विद्यार्थियों के मुद्दों को राजनीतिक मांगों से जोड़ देते हैं, जबकि उनके समाधान के लिए ठोस पहल नहीं करते। ABVP का कहना है कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन के साथ-साथ समाधान की मांग उठाना भी जरूरी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।