वायु प्रदूषण पर निगरानी बढ़ी, शिव नादर विश्वविद्यालय में तीसरा एयर क्वालिटी स्टेशन शुरू!

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/10/2026): शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नजर रखने और अलग-अलग क्षेत्रों की हवा की स्थिति का सटीक आकलन करने के लिए निगरानी व्यवस्था का विस्तार किया गया है। दादरी स्थित शिव नादर विश्वविद्यालय में तीसरा वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र शुरू हो गया है। सफल परीक्षण के बाद इस केंद्र से वास्तविक समय में प्रदूषण के आंकड़े मिलने लगे हैं। अब यहां से प्राप्त जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) तक पहुंच रही है।

इससे पहले ग्रेटर नोएडा में केवल दो वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र नॉलेज पार्क-3 और नॉलेज पार्क-5 में संचालित हो रहे थे। इन केंद्रों के जरिए शहर के प्रदूषण स्तर पर नजर रखी जा रही थी, लेकिन दादरी और आसपास के क्षेत्रों की हवा की स्थिति जानने के लिए अतिरिक्त निगरानी केंद्र की जरूरत महसूस की जा रही थी। शिव नादर विश्वविद्यालय में नया केंद्र शुरू होने से अब इस क्षेत्र के प्रदूषण स्तर का भी नियमित आकलन किया जा सकेगा।

नए केंद्र से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर प्रशासन को प्रदूषण के स्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव की जानकारी समय रहते मिल सकेगी। इससे प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करने, ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत जरूरी कदम उठाने और स्थानीय स्तर पर नियंत्रण संबंधी कार्रवाई तय करने में मदद मिलेगी। साथ ही अलग-अलग इलाकों के प्रदूषण स्तर की तुलना करना भी आसान होगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं। तीसरा निगरानी केंद्र शुरू होने से प्रदूषण से जुड़े आंकड़ों का दायरा बढ़ेगा। इसका लाभ यह होगा कि अब केवल शहर के प्रमुख स्थानों ही नहीं, बल्कि दादरी क्षेत्र की वायु गुणवत्ता की स्थिति भी सामने आ सकेगी। इससे प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी योजनाओं को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार लागू करने में सहायता मिलेगी।

इस बीच निगरानी व्यवस्था को और व्यापक बनाने की तैयारी भी चल रही है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी विकास मिश्रा के अनुसार, ग्रेटर नोएडा में पांच और नए वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनके निर्माण की प्रक्रिया जारी है। सभी केंद्र शुरू होने के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रदूषण की स्थिति पर अधिक व्यापक और लगातार नजर रखी जा सकेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।