ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सड़क निर्माण की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे 500 निवासी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (02/11/2026): सेक्टर-16बी में लंबे समय से सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज निवासियों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। करीब 500 लोगों ने एकजुट होकर पैदल मार्च निकाला और बिल्डर किंग्सन बिल्डटेक तथा स्थानीय प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जब तक क्षेत्र में सड़क का निर्माण नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन की शुरुआत शशि किराना स्टोर से हुई। यहां से निवासी ‘बिहारी मार्केट’ तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। इस दौरान लोगों ने ‘No Road, No Vote’ और सड़क नहीं तो वोट नहीं जैसे नारे लगाए। मार्च में किंग्सन ग्रीन विला, ग्रीन रेजिडेंसी, आलयम विला, जीआर गार्डन, नॉवेल वैली और चिपियाना बुजुर्ग के निवासी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इस समस्या से करीब 5 हजार परिवार प्रभावित हैं।
निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है। सड़क की जगह जगह-जगह गड्ढे, जमा पानी और कीचड़ होने के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है।
किंग्सन ग्रीन विला आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अतहर आलम ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति का असर हजारों परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल हुए। स्कूली बच्चों ने हाथों में बैनर लेकर सड़क निर्माण की मांग उठाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस समस्या का समाधान कराने की अपील की।
प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों और कीचड़ के कारण उनकी स्कूटी फिसल गई थी। इस दौरान वह और उनका बच्चा दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, खराब रास्ते के कारण बुजुर्गों ने सुबह-शाम टहलना तक बंद कर दिया है। वहीं, किसी आपात स्थिति में एंबुलेंस और दमकल विभाग की गाड़ियों के पहुंचने को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
ग्रीन रेजिडेंसी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक तेजपाल नागर के साथ कई बार बैठकें की जा चुकी हैं। इन बैठकों में समस्या के समाधान का भरोसा दिया गया, लेकिन अभी तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
निवासियों ने मांग की है कि करीब 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए। इसके लिए आरसीसी या इंटरलॉकिंग सड़क बनाने का विकल्प भी रखा गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आगामी चुनावों में ‘No Road, No Vote’ अभियान के तहत मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण का काम जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।