PNB घोटाले के खिलाफ खाताधारकों का हल्लाबोल, पैसे वापसी की मांग पर बैंक के बाहर महापंचायत
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (02/11/2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में सामने आए करोड़ों रुपये के कथित घोटाले को लेकर खाताधारकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अपनी जमा पूंजी वापस पाने के लिए लंबे समय से बैंक के चक्कर काट रहे पीड़ितों ने सोमवार, 2 नवंबर को बैंक के बाहर महापंचायत आयोजित कर जोरदार विरोध दर्ज कराया। महापंचायत में किसानों, प्रभावित खाताधारकों और समाजसेवियों ने एकजुट होकर बैंक प्रबंधन से सभी पीड़ितों की पूरी रकम जल्द लौटाने और कथित घोटाले में शामिल जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
महापंचायत का नेतृत्व किसान नेता बृजेश भाटी ने किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में कुछ खाताधारकों को उनकी रकम वापस मिल चुकी है, लेकिन बड़ी संख्या में पीड़ित अब भी अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। बैंक प्रबंधन की ओर से सभी प्रभावित खाताधारकों को चरणबद्ध तरीके से भुगतान करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अभी तक सभी को उनकी रकम नहीं मिली है। त्योहारों का समय नजदीक होने के कारण प्रभावित परिवारों की आर्थिक परेशानियां और बढ़ गई हैं।
सभी पीड़ितों को मिले पूरी जमा पूंजी, जिम्मेदार अधिकारियों की भी हो जांच
बृजेश भाटी ने बैंक प्रबंधन से मांग की कि जिन खाताधारकों की रकम कथित गबन से प्रभावित हुई है, उन्हें बिना किसी देरी के उनकी पूरी जमा पूंजी वापस की जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले की जिम्मेदारी केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। कथित घोटाले में जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है, उनकी निष्पक्ष जांच कर सभी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो दिल्ली कूच करेंगे किसान
महापंचायत में शामिल किसानों और खाताधारकों ने चेतावनी दी कि यदि बैंक प्रबंधन ने जल्द भुगतान को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए तो वे दिल्ली की ओर कूच करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब नेशनल बैंक के मुख्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की भी चेतावनी दी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैंक परिसर के अंदर भी पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
16 खाताधारकों को मिल चुकी है रकम, CBI कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, अब तक 16 पीड़ित खाताधारकों की रकम वापस की जा चुकी है। वहीं, करोड़ों रुपये के इस कथित बैंक घोटाले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। दूसरी ओर, बैंक प्रबंधन ने प्रभावित खाताधारकों को आश्वासन दिया है कि उनकी जमा रकम ब्याज सहित लौटाई जाएगी। साथ ही खाताधारकों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही गई है।
आश्वासन नहीं, खाताधारकों को चाहिए उनकी मेहनत की कमाई
फिलहाल इस पूरे मामले में खाताधारकों की निगाहें CBI जांच और बैंक प्रबंधन की ओर से किए गए भुगतान के वादे पर टिकी हैं। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि उनकी वर्षों की जमा पूंजी वापस चाहिए। अब देखना होगा कि बैंक प्रबंधन शेष प्रभावित खाताधारकों को रकम लौटाने के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।