ग्रेटर नोएडा (21 फरवरी 2025): ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में तमिलनाडु पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस को 10 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
मैच की शुरुआत में मध्य प्रदेश पुलिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु पुलिस की टीम ने 20 ओवर में 141 रन बनाए। टीम के बल्लेबाज ए. महिजहरासन ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 54 रनों की पारी खेली। मध्य प्रदेश पुलिस की ओर से रविंद्र ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश पुलिस की टीम को तमिलनाडु के गेंदबाजों ने कड़ी टक्कर दी। तमिलनाडु की सधी हुई गेंदबाजी के सामने मध्य प्रदेश की टीम दबाव में नजर आई और 20 ओवर में 131 रन ही बना सकी, जिससे उन्हें 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
आल इंडिया पुलिस पायलट टी-20 टूर्नामेंट का रोमांच जारी
यह मुकाबला ऑल इंडिया पुलिस पायलट टी-20 टूर्नामेंट के अंतर्गत खेला गया, जिसमें चार जोन की कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। इन टीमों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और असम पुलिस की टीमें शामिल हैं।
टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मैचों का आयोजन बीएसएफ (BSF) द्वारा किया जा रहा है, जबकि सेमीफाइनल के मुकाबलों की जिम्मेदारी आईटीबीपी (ITBP) को सौंपी गई है। वहीं, फाइनल मुकाबले का आयोजन दिल्ली पुलिस करेगी।
टूर्नामेंट का चौथा और आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबला महाराष्ट्र और केरल पुलिस की टीमों के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट के मुकाबलों में पुलिस टीमों का जबरदस्त जोश और जुझारूपन देखने को मिल रहा है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह बना हुआ है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।