दनकौर की जनसमस्याओं को लेकर किसान एकता संघ की बैठक, नगर पंचायत को ज्ञापन देने का फैसला

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (06/10/2026): दनकौर कस्बे में लंबे समय से चली आ रही विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर किसान एकता संघ ने सोमवार दोपहर बैठक आयोजित की। सोरन प्रधान के आवास पर दोपहर 2 बजे हुई बैठक में स्थानीय लोगों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कस्बे की खराब सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, आवारा पशुओं की समस्या और बंदरों के बढ़ते आतंक सहित कई प्रमुख मुद्दे उठाए गए। संगठन के पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण स्थानीय निवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की।

किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि कस्बे की जनसमस्याओं को नगर पंचायत दनकौर के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। इसके लिए संगठन की ओर से जल्द ही नगर पंचायत को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि यदि ज्ञापन सौंपने के बाद भी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो किसान एकता संघ पंचायत आयोजित कर आगे की रणनीति तय करेगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि स्थानीय लोगों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में हेमराज बीडीसी, मनीष कोच, सोनू भाटी, अजय ठाकुर, डॉ. दीपक कौशिक, जेपी नागर, कुनाल, सुमित, सीमा सूर्यवंशी, केशव वैष्णव और आमिर सहित कई लोग मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।