मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ें BLO, DM मेधा रूपम ने बूथों का किया निरीक्षण
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (22/11/2026): गौतमबुद्धनगर में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी मेधा रूपम ने शनिवार को कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नामों में संशोधन और अपमार्जन के लिए चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने ग्रेटर नोएडा के सेंट जोसेफ स्कूल, प्लूमेरिया गार्डन एस्टेट और ओमिक्रॉन-3 सहित कई मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर अभियान के बारे में उनकी प्रतिक्रिया जानी। साथ ही आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों से अपील की कि वे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए एक परिवार, एक बूथ के लक्ष्य पर काम करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 5,603 फार्म-6, एक फार्म-6ए, 670 फार्म-7 और 2,315 फार्म-8 प्राप्त हुए। इनमें नोएडा विधानसभा क्षेत्र में 1,980 फार्म-6, 207 फार्म-7 और 1,233 फार्म-8 जमा हुए। दादरी विधानसभा क्षेत्र में 2,532 फार्म-6, 401 फार्म-7 और 1,009 फार्म-8 मिले। वहीं, जेवर विधानसभा क्षेत्र में 1,091 फार्म-6, 62 फार्म-7 और 73 फार्म-8 प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्धारित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर नागरिकों को निर्वाचन संबंधी जानकारी देने और मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर कार्य के लिए सुपरवाइजर ममता चौधरी और बीएलओ सत्यपाल की सराहना भी की। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता मौजूद रहे।
विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को भी जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ मतदाता सूची के साथ मौजूद रहेंगे और नए नाम जुड़वाने, नाम हटवाने तथा संशोधन के लिए फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 स्वीकार करेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।