सड़क हादसे में MBA छात्र की मौत, दोस्तों के साथ पार्टी से लौटते वक्त डिवाइडर से टकराई कार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (06/10/2026): भंगेल एलिवेटेड रोड पर रविवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में कार चला रहे 22 वर्षीय MBA छात्र यश तिवारी की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो दोस्त घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के परिवार ने दोनों दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यश तिवारी हमीरपुर के कारोबारी शशिकांत तिवारी का इकलौता बेटा था। वह ग्रेटर नोएडा स्थित एक कॉलेज में MBA थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहा था और सेक्टर पाई-5 में किराये के मकान में रहता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात यश अपने दोस्तों मेहरान और सैफ के साथ गाजियाबाद के एक फार्म हाउस में पार्टी के लिए गया था।
बताया गया कि रविवार सुबह करीब 4:30 बजे तीनों कार से वापस ग्रेटर नोएडा की ओर लौट रहे थे। वाहन की ड्राइविंग यश कर रहा था। मेहरान उसके बगल वाली सीट पर बैठा था, जबकि सैफ पीछे की सीट पर था। भंगेल एलिवेटेड रोड पर पहुंचने के दौरान कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि यश को गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसके दोनों साथी भी घायल हो गए। कार के साइड हिस्से में टक्कर होने के कारण एयरबैग नहीं खुल सके। गंभीर हालत में यश को भंगेल CHC पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद यश के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने दुर्घटना को लेकर सवाल उठाते हुए यश के दोनों दोस्तों पर उसकी हत्या कर घटना को सड़क हादसे का रूप देने का आरोप लगाया है। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि हादसे की परिस्थितियों, कार की स्थिति और घटना के दौरान मौजूद दोनों दोस्तों की भूमिका समेत अन्य बिंदुओं को जांच में शामिल किया जा रहा है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज सड़क दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।