नोएडा में मोबाइल स्नैचरों से पुलिस की मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (22/11/2026): सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में शनिवार रात मोबाइल फोन छीनने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथियों को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस टीम शनिवार रात प्रकाश हॉस्पिटल से गंदे नाले के पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर सेक्टर-33 स्थित आरटीओ कट की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित पप्पू कॉलोनी निवासी नीरज (23) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

इसके बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान हेमंत उर्फ सनी (26), निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार गार्डन और गोविंद सिंह उर्फ रिंकू (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।