दीपावली पर खुलेगा नोएडा का जापानी पार्क, 9 एकड़ में 14 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा अनोखा पर्यटन स्थल

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (06/10/2026): नोएडा के सेक्टर-94 में करीब 9 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा जापानी पार्क दीपावली के आसपास आम लोगों के लिए खोले जाने की तैयारी है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पार्क को जापानी संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण की थीम पर विकसित किया जा रहा है। पार्क के शुरू होने के बाद यह शहर में मनोरंजन के साथ-साथ पर्यटन के एक नए आकर्षण के रूप में सामने आएगा।

पार्क में जापानी शैली की वास्तुकला के साथ बड़े पैमाने पर हरियाली विकसित की जा रही है। यहां बच्चों के लिए अलग खेल क्षेत्र, जापानी शैली के झूले, ड्रैगन के आकार का झूला, सेल्फी प्वाइंट, पैदल पथ और जॉगिंग ट्रैक बनाए गए हैं। लोगों के बैठने और आराम करने के लिए भी अलग-अलग स्थान विकसित किए जा रहे हैं।

दो वाटर बॉडी और जेन गार्डन होंगे प्रमुख आकर्षण

जापानी पार्क में दो जल क्षेत्र यानी वाटर बॉडी विकसित की जा रही हैं। इनमें से एक वाटर बॉडी के ऊपर से फुटपाथ तैयार किया जा रहा है, जिससे लोग पानी के बीच बने रास्ते से गुजरने का अनुभव ले सकेंगे। इसके अलावा परिसर में छोटे पुल और झरने भी बनाए जा रहे हैं।

पार्क में जापानी शैली का गजीबो और जेन गार्डन भी विकसित किया जा रहा है, जिनका निर्माण अंतिम चरण में है। पार्क में हरियाली बढ़ाने के लिए मियावाकी तकनीक से पौधरोपण किया जाएगा। इससे परिसर में घना हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना है।

चारदीवारी, पाथवे और मुख्य प्रवेश द्वार का काम पूरा

पार्क की चारदीवारी, पाथवे, जल क्षेत्र और मुख्य प्रवेश द्वार पर बनी हट सहित कई प्रमुख निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। परिसर में तैयार किए जा रहे विभिन्न स्ट्रक्चर और लैंडस्केपिंग को जापानी थीम के अनुरूप डिजाइन किया गया है। शेष कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि दीपावली के आसपास पार्क को आम लोगों के लिए खोला जा सके।

60 स्थानों पर लगाए जाएंगे CCTV कैमरे

पार्क में आने वाले लोगों की सुरक्षा और पूरे परिसर की निगरानी के लिए करीब 60 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कैमरों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम और वीडियो वॉल विकसित की जाएगी। सभी कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़े जाने की योजना है, जिससे पार्क के विभिन्न हिस्सों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।

सीसीटीवी व्यवस्था पर करीब 1.21 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। तकनीकी मानकों को पूरा करने वाली पर्याप्त एजेंसियों की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद वित्तीय बोली खोली जाएगी। पार्क के शुरू होने के बाद यहां आने वाले लोगों की सुरक्षा, निगरानी और बेहतर प्रबंधन के लिए यह आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।