ग्रेटर नोएडा में मोबाइल-चेन स्नैचिंग गैंग का खुलासा, तीन गिरफ्तार; कई मोबाइल बरामद

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (03/10/2026): ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना पुलिस ने मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले कथित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से iPhone 18 Pro समेत पांच मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, 2,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।

लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस के आधार पर गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ सुहैल और अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू, दोनों निवासी बुलंदशहर, तथा नईम, निवासी हापुड़ के रूप में हुई है। बिसरख थाना प्रभारी रंजीत सिंह के अनुसार, शुक्रवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को 6 प्रतिशत क्षेत्र पार्क के पास से गिरफ्तार किया।

बाइक से करते थे स्नैचिंग

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी बाइक पर सवार होकर राहगीरों और ई-रिक्शा में सफर करने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को चैरी काउंटी सोसाइटी के पास एक महिला से iPhone 18 Pro भी इसी तरीके से छीना गया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मोबाइल देखने के बहाने महिला से फोन लिया और इसके बाद बाइक से मौके से फरार हो गए।

सलमान चलाता था बाइक, अजाज करता था स्नैचिंग

पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान सलमान बाइक चलाता था, जबकि अजाज पीछे बैठकर मोबाइल या अन्य सामान छीनता था। दोनों ऐसे रास्तों और स्थानों की तलाश करते थे, जहां वारदात के बाद आसानी से फरार हुआ जा सके। पुलिस के मुताबिक, सलमान पिछले करीब तीन वर्षों से नोएडा में ऑटो चलाता था। इस वजह से उसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई रास्तों और इलाकों की जानकारी थी, जिसका इस्तेमाल वह वारदात के दौरान करता था।

दूसरे राज्यों में सप्लाई किए जाते थे चोरी के मोबाइल

पुलिस के अनुसार, छीने और चोरी किए गए मोबाइल फोन आरोपी नईम को सौंपे जाते थे। नईम कथित तौर पर इन मोबाइल फोन को पश्चिम बंगाल, बिहार और अन्य राज्यों में सप्लाई करता था।

पुलिस ने बताया कि नईम के खिलाफ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में छिनैती और लूट समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही बरामद मोबाइल फोन, हथियार, नकदी और बाइक के संबंध में आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।