UPITS 2026: यूपी पुलिस के स्टॉल पर उमड़ी भीड़, आधुनिक तकनीक और सुरक्षा सेवाओं ने खींचा ध्यान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (28 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग का आकर्षक स्टॉल लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ‘स्मार्ट पुलिस, प्रोग्रेसिव यूपी’ थीम पर आधारित इस स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को आधुनिक पुलिसिंग, सुरक्षा सेवाओं, नवीनतम कानूनों और पुलिस विभाग में हो रहे तकनीकी नवाचारों की जानकारी दी जा रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देशन और गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के पर्यवेक्षण में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित इस ट्रेड शो में पुलिस विभाग ने अपनी विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली और सेवाओं का प्रदर्शन किया है।
आधुनिक तकनीक और पुलिस सेवाओं की जानकारी
पुलिस स्टॉल पर एसटीएफ (STF), एटीएस (ATS), यूपी-112, यातायात पुलिस, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर सेल, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL), टेलीकॉम, एसडीआरएफ (SDRF), जीआरपी और अग्निशमन विभाग सहित विभिन्न इकाइयां अपनी सेवाओं का प्रदर्शन कर रही हैं। यहां तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी आगंतुकों को पुलिस की कार्यप्रणाली और नागरिकों की सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
ट्रेड शो के उद्घाटन दिवस से ही पुलिस स्टॉल पर बड़ी संख्या में नागरिक, उद्यमी और युवा पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से एटीएस और एसटीएफ द्वारा प्रदर्शित आधुनिक हथियारों एवं तकनीकी उपकरणों को देखने के लिए युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया जा रहा जागरूक
पुलिस स्टॉल पर साइबर सुरक्षा को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साइबर सेल के अधिकारी आगंतुकों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, रैंसमवेयर, मैलवेयर, ट्रोजन, एआई आधारित साइबर हमलों, सेक्सटॉर्शन, साइबर बुलिंग और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी जैसे अपराधों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
इसके साथ ही निवेश धोखाधड़ी, फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से खरीदारी, फेक कस्टमर केयर, म्यूल अकाउंट और फर्जी लोन ऐप से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नागरिकों को साइबर अपराध से बचने के उपायों के साथ-साथ ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने और ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी जा रही है।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
मिशन शक्ति 5.0 के तहत लगाए गए स्टॉल के माध्यम से महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला संबंधी कानूनों, लैंगिक अपराधों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा मिशन शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और शुभ मंगल योजना सहित महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
छोटे बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाकर जागरूक किया जा रहा है। साथ ही महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है। इनमें महिला हेल्पलाइन 1090 और 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं।
नागरिक सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी सेवा इकाई द्वारा आगंतुकों को चरित्र सत्यापन, ऑनलाइन शिकायत पंजीकरण, यूपी-कॉप (UP-COP) ऐप और अन्य डिजिटल सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। इन सेवाओं के माध्यम से नागरिकों को पुलिस विभाग की ऑनलाइन सुविधाओं और शिकायत निवारण की प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है।
ट्रेड शो के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भी पुलिस स्टॉल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली और विभिन्न इकाइयों द्वारा प्रदर्शित सेवाओं का अवलोकन किया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।