UPITS 2026: Exhibitors और Buyers ने साझा किए अनुभव, हैंडीक्राफ्ट से लेकर कपड़ों तक की खूब रही मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (28 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में प्रदर्शकों और खरीदारों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिल रही है। ट्रेड शो के तीसरे दिन टेन न्यूज नेटवर्क ने विभिन्न Exhibitors और Visitors से बातचीत कर उनके अनुभव, पसंदीदा उत्पादों और आयोजन से जुड़ी प्रतिक्रियाएं जानीं। इस दौरान प्रतिभागियों ने उत्पादों की विविधता, बेहतर व्यवस्थाओं और बढ़ते फुटफॉल की सराहना की।

नोएडा से अपने परिवार के साथ ट्रेड शो में पहुंचे सौरभ सिंहवाल ने बताया कि वह पहली बार UP International Trade Show में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यहां कपड़ों, खान-पान और अन्य उत्पादों की कई वैरायटी देखने को मिल रही हैं। उन्होंने ट्रेड शो के अपने अनुभव को अच्छा बताते हुए आयोजन की सराहना की।

वहीं, रुचि क्लूथिंग की संचालिका रुचि सपरा ने बताया कि वह दूसरी बार इस ट्रेड शो में हिस्सा ले रही हैं। उनके ब्रांड में चंदेरी कलेक्शन, कॉटन, जॉर्जेट, शिफॉन और सिल्क-कॉटन सहित विभिन्न प्रकार के फैब्रिक उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि उनके ब्रांड में हैंडवर्क और उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने इंडिया एक्सपो मार्ट के वेन्यू और वहां की व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा की।

सायंगन स्टोर के रोशन झा ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से लगातार ट्रेड शो में हिस्सा ले रहे हैं और यह उनका चौथा संस्करण है। उनके स्टॉल पर कश्मीरी हस्तशिल्प और अन्य पारंपरिक कश्मीरी उत्पाद उपलब्ध हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेड शो की अवधि पांच दिनों से बढ़ाकर सात या दस दिन की जानी चाहिए, ताकि प्रदर्शकों को अपने उत्पादों के प्रचार और बिक्री के लिए अधिक समय मिल सके। उन्होंने इंडिया एक्सपो मार्ट में बढ़ते फुटफॉल और उपलब्ध सुविधाओं को भी बेहतर बताया।

ट्रेड शो में पहुंचे विजिटर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए। प्रणीक्षा ने यहां प्रदर्शित हैंडीक्राफ्ट और लैंप्स को खास तौर पर पसंद किया। उन्होंने लोगों से हस्तशिल्प और कपड़ों के स्टॉल पर जाकर उत्पादों को देखने की अपील की। वहीं, जबरमनन प्रकाश ने स्टॉल्स पर उपलब्ध उत्पादों की विविधता और वहां मौजूद सेल्समैन के सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की।

रत्ना क्रिएशन की जयंका ने बताया कि वह तीसरी बार UP International Trade Show में हिस्सा ले रही हैं। उनका ब्रांड हैंडक्राफ्टेड उत्पादों और हैंड एम्ब्रॉयडरी के क्षेत्र में काम करता है। उनके साथ कई महिला कारीगर भी जुड़ी हुई हैं, जो इन उत्पादों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि यह ट्रेड शो महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए अच्छा मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने यहां उपलब्ध उत्पादों की उचित कीमतों और खान-पान की गुणवत्ता की भी सराहना की।

वहीं, गौतमबुद्ध नगर से ट्रेड शो देखने पहुंचीं रूबी रॉय ने बताया कि यहां घर की जरूरतों से जुड़े सामान, कपड़ों और अन्य उत्पादों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। उन्होंने ट्रेड शो में उमड़ रही भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि अधिक भीड़ के कारण कुछ लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, उन्होंने लोगों से कम से कम एक बार इस आयोजन में आने और यहां उपलब्ध उत्पादों को देखने की अपील की।

प्रदर्शकों और खरीदारों ने साझा किए सकारात्मक अनुभव

UP International Trade Show 2026 में प्रदर्शकों और आगंतुकों की प्रतिक्रियाओं से उत्पादों की विविधता, हस्तशिल्प, परिधान, खान-पान और आयोजन की व्यवस्थाओं के प्रति उनकी रुचि सामने आई। जहां प्रदर्शकों ने अपने उत्पादों के प्रदर्शन और कारोबार के लिए इस मंच को उपयोगी बताया, वहीं आगंतुकों ने खरीदारी के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों को एक ही स्थान पर देखने के अनुभव को सराहा। कुछ प्रदर्शकों ने आयोजन की अवधि बढ़ाने का सुझाव भी दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।