UPITS 2026: विकसित भारत और आत्मनिर्भर यूपी बनाने की दिशा में बड़ा कदम- कैबिनेट मंत्री हंसराज विश्वकर्मा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (28 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण में व्यापारियों, कारीगरों और आगंतुकों का उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन के समापन से एक दिन पहले उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ट्रेड शो की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

टेन न्यूज नेटवर्क से खास बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित यह ट्रेड शो प्रदेश के व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को एक बड़ा मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन संस्करणों की तुलना में इस बार का आयोजन और भी भव्य और सफल रहा है।

व्यापारियों और स्टॉल संचालकों में दिखा उत्साह

कैबिनेट मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि ट्रेड शो में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए व्यापारियों एवं स्टॉल संचालकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग विभिन्न उत्पादों को पसंद कर रहे हैं और जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्टॉल पर व्यापारियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। आगंतुकों की ओर से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों का मनोबल बढ़ेगा। इससे उन्हें अपने कारोबार का विस्तार करने और परिवार के साथ-साथ प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और कारीगरों के हुनर को व्यापक पहचान मिल रही है। साथ ही, व्यापारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और नए बाजारों तक पहुंचने का अवसर भी मिल रहा है।

छुट्टी के दिन उमड़ी भीड़, आगंतुकों ने की उत्पादों की सराहना

ट्रेड शो में रविवार को उमड़ी भारी भीड़ और आगंतुकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर मंत्री ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में लोगों की भारी संख्या में मौजूदगी और विभिन्न स्टॉल पर उनकी रुचि इस आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि आगंतुक एक स्टॉल से दूसरे स्टॉल तक पहुंचकर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों के हुनर को करीब से देख रहे हैं। लोगों की ओर से मिल रही सराहना कारीगरों के लिए उत्साहवर्धक है।

अगले संस्करण को लेकर भी जताया विश्वास

आगामी संस्करण को लेकर पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार फिर से बनेगी और आने वाले वर्षों में भी उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन इसी भव्यता के साथ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के व्यापार, उद्योग और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वैश्विक मंच पर पहचान बना रहा उत्तर प्रदेश का हुनर

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित UPITS 2026 प्रदेश के उद्योग, व्यापार, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को एक मंच पर लाने का अवसर प्रदान कर रहा है। इस आयोजन के माध्यम से छोटे कारोबारियों और कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के साथ नए बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

कैबिनेट मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने ट्रेड शो की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के आर्थिक विकास, स्थानीय उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के संकल्प से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।