Greater Noida News (28 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में प्रदर्शकों और आगंतुकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। ट्रेड शो के तीसरे दिन टेन न्यूज नेटवर्क ने विभिन्न प्रदर्शकों और आगंतुकों से बातचीत कर उनके अनुभव, पसंदीदा उत्पादों और आयोजन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान लोगों ने उत्पादों की विविधता, हस्तशिल्प, कपड़ों और खानपान की सराहना की।
नोएडा से अपने परिवार के साथ पहली बार ट्रेड शो में पहुंचे सौरभ सिंहवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यहां कपड़ों, खानपान और अन्य उत्पादों की कई तरह की वैरायटी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में घूमने और खरीदारी करने का उनका अनुभव कुल मिलाकर अच्छा रहा।
वहीं, रुचि क्लूथिंग की संचालिका रुचि सपरा ने बताया कि वह दूसरी बार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में हिस्सा ले रही हैं। उनके ब्रांड में चंदेरी कलेक्शन के साथ कॉटन, जॉर्जेट, शिफॉन और सिल्क-कॉटन जैसे विभिन्न फैब्रिक के कपड़े उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि उनके उत्पादों में हैंडवर्क और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने इंडिया एक्सपो मार्ट के वेन्यू और यहां की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
कश्मीरी हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल सायंगन स्टोर के संचालक रोशन झा ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से लगातार इस ट्रेड शो में हिस्सा ले रहे हैं। यह उनका चौथा संस्करण है। उनके स्टॉल पर कश्मीरी हस्तशिल्प और अन्य पारंपरिक उत्पाद उपलब्ध हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रेड शो की अवधि पांच दिनों से बढ़ाकर सात या दस दिन कर दी जानी चाहिए, जिससे प्रदर्शकों को अपने उत्पादों के प्रचार और बिक्री के लिए अधिक समय मिल सके। उन्होंने इंडिया एक्सपो मार्ट में बढ़ते फुटफॉल और उपलब्ध सुविधाओं को भी बेहतर बताया।
ट्रेड शो में खरीदारी और उत्पादों को देखने पहुंचे आगंतुकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। प्रनीक्षा ने यहां उपलब्ध हस्तशिल्प और आकर्षक लैंप्स की सराहना की। उन्होंने लोगों से ट्रेड शो में आने और विशेष रूप से हस्तशिल्प एवं कपड़ों के स्टॉल देखने की अपील की। वहीं, जबरमनान प्रकाश ने विभिन्न स्टॉल्स पर उपलब्ध उत्पादों की विविधता और वहां मौजूद सेल्समैन के सहयोगात्मक व्यवहार की प्रशंसा की।
रत्ना क्रिएशन की प्रतिनिधि जयांका ने बताया कि वह तीसरी बार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में भाग ले रही हैं। उनका ब्रांड हस्तनिर्मित उत्पादों और हैंड एम्ब्रॉयडरी के क्षेत्र में काम करता है। उनके साथ कई महिला कारीगर भी जुड़ी हुई हैं, जो इन उत्पादों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि यह ट्रेड शो महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और व्यापक स्तर पर पहचान बनाने का अच्छा अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने यहां उपलब्ध उत्पादों की उचित कीमतों और खानपान की गुणवत्ता की भी सराहना की।
गौतमबुद्ध नगर से ट्रेड शो देखने पहुंचीं रूबी रॉय ने बताया कि यहां घरेलू उपयोग की वस्तुओं, कपड़ों और अन्य उत्पादों की कई श्रेणियां देखने को मिल रही हैं। हालांकि, उन्होंने अधिक भीड़ को लेकर कहा कि भीड़ पसंद नहीं करने वाले लोगों को यहां थोड़ी परेशानी हो सकती है। इसके बावजूद उन्होंने लोगों से कम से कम एक बार यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आने की अपील की।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में प्रदर्शकों और आगंतुकों की प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट है कि यह आयोजन विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित करने, उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने और ग्राहकों को खरीदारी के लिए एक ही स्थान पर कई विकल्प देने का मंच बन रहा है। हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधानों, घरेलू सामान और खानपान की विविधता के साथ बढ़ती आगंतुकों की संख्या इस आयोजन की प्रमुख विशेषताओं में शामिल है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।