ग्रेटर नोएडा में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने और सुधार का मौका

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (17/11/2026): गौतमबुद्ध नगर में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 17 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद लोग सूची में अपना नाम जुड़वाने, गलत नाम हटवाने और नाम-पते से जुड़ी गलतियों को ठीक कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, यह अभियान 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाया जा रहा है। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने या किसी तरह का बदलाव कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। इस दौरान प्रकाशित प्रारंभिक सूची को संबंधित तहसीलों और मतदान केंद्रों पर जाकर भी देखा जा सकेगा।

इन तारीखों पर मतदान केंद्रों पर मिलेंगे BLO

मतदाताओं की सुविधा के लिए नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस रखे गए हैं। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे।

* 21 नवंबर 2026 (शनिवार)
* 22 नवंबर 2026 (रविवार)
* 28 नवंबर 2026 (शनिवार)
* 29 नवंबर 2026 (रविवार)

मतदाता इन दिनों अपने मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं और जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करा सकते हैं।

किस काम के लिए कौन सा फॉर्म भरना होगा?

निर्वाचन विभाग ने अलग-अलग कार्यों के लिए तीन फॉर्म निर्धारित किए हैं। फॉर्म-6 नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने के लिए भरना होगा। फॉर्म-7 के जरिए मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं, नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार, निवास बदलने और मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी सुविधाओं के लिए फॉर्म-8 निर्धारित है।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

मतदाता घर बैठे भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/⁠ का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा बीएलओ, पदाभिहित अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं।

28 दिसंबर तक होगा दावे-आपत्तियों का निस्तारण

निर्वाचन विभाग के मुताबिक, 16 दिसंबर तक प्राप्त होने वाले दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए जिला संपर्क केंद्र के टोल फ्री नंबर 1950 और 0120-2978702 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। ताकि चुनाव के समय किसी तरह की परेशानी न हो और नाम या विवरण में गलती होने पर समय रहते उसे ठीक कराया जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।