Uttrakhand News (17 November 2026): उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी गढ़वाल जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बस हरिद्वार से जोशीमठ की ओर जा रही थी और उसमें करीब 34 यात्री सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके अलावा एसडीआरएफ, फायर सर्विस, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में जुट गईं। बचाव दलों ने गहरी खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल 25 घायलों का एम्स में इलाज जारी है।
टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान तेजी से चलाया गया। मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि उनके परिजनों से संपर्क किया जा सके। वहीं, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि विश्वनाथ सेवा की बस रात करीब 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश में कुछ देर रुकने के बाद बस आगे बढ़ी और करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर के पास पुल से नीचे नदी की ओर जा गिरी। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे के अनुसार, हादसे में कुछ यात्री झारखंड और बिहार के भी हैं। बस का नंबर UK09PA9779 बताया गया है। पुलिस ने बस मालिक को बुलाकर वाहन की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे में घायल एक यात्री पंकज ने बस की रफ्तार को दुर्घटना की वजह बताया है। पंकज के मुताबिक, बस काफी तेज गति से चल रही थी और यात्रियों ने कई बार चालक को धीरे चलाने के लिए कहा था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से वाहन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भी हादसे की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी घायलों की सूची में झारखंड के दुमका निवासी मोहम्मद वहाब अंसारी, अर्जुन सौरन और बुधन मुर्मू, बिहार के पटना निवासी राहुल कुमार और जहानाबाद निवासी संतोष कुमार के नाम शामिल हैं। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के अभिषेक और प्रत्यूष, असम के गुवाहाटी निवासी तीन वर्षीय आयरा और नूर जहां, दिल्ली के शाहदरा निवासी 21 वर्षीय जतिन, रुद्रप्रयाग निवासी पंकज नेगी और चमोली निवासी वीरेंद्र सिंह भी घायल यात्रियों में शामिल हैं। हादसे के बाद एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा, वाहनों की गति और चालक की लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।