नोएडा से एयरपोर्ट जाने का नया रास्ता तैयार होगा, 10 किमी बढ़ेगी पुश्ता रोड

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (23/09/2026): नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए यमुना पुश्ता रोड का विस्तार किया जाएगा। सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक करीब 10 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाई जाएगी। यह मार्ग 4 लेन का होगा। पहले सड़क को 6 लेन बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन अब 4 लेन पर सहमति बनी है। निर्माण की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग को दी गई है।

वर्तमान में यमुना पुश्ता रोड करीब 11 किलोमीटर लंबी है और यह 4 लेन की है। विस्तार के बाद सड़क को आगे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इसके लिए रोटरी के जरिए कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। इस मार्ग से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को भी एक वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। एयरपोर्ट इस मार्ग से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर होगा।

नई सड़क का लाभ दिल्ली से आने वाले वाहन चालकों के साथ-साथ पुश्ता क्षेत्र के आसपास स्थित आईटी और औद्योगिक सेक्टरों को भी मिलेगा। दिल्ली से एयरपोर्ट, आगरा, मथुरा और लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन नोएडा एक्सप्रेसवे के बजाय इस वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। वहीं, पुश्ता को मजबूत करने से बाढ़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इधर, पुश्ता रोड के 10 किलोमीटर हिस्से की रिसर्फेसिंग का काम शुरू हो चुका है। सड़क पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत के साथ मिट्टी हटाने और किनारों पर उगी घास-झाड़ियों की सफाई की जा रही है। इस कार्य पर करीब 34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नोएडा प्राधिकरण की ओर से सिंचाई विभाग को 11 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसके बाद सड़क के विस्तार और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

सड़क विस्तार के लिए सिंचाई विभाग ने प्राधिकरण के सामने तीन विकल्प रखे हैं। इनमें से उपयुक्त विकल्प के चयन के बाद निर्माण की दिशा तय होगी। पूरी परियोजना पर नोएडा प्राधिकरण करीब 200 करोड़ रुपये खर्च करेगा, जो सिंचाई विभाग को दिए जाएंगे। डीपीआर, डिजाइन और निर्माण से जुड़ी तैयारियां भी सिंचाई विभाग की देखरेख में होंगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।