ग्रेटर नोएडा के स्कूलों के निरीक्षण पर विवाद, CJP की टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23/09/2026): ग्रेटर नोएडा के सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। टीम के सह-संयोजक सौरभ दास मंगलवार को देवला, मकौड़ा और जैतपुर वैशपुर स्थित सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान टीम को तीनों स्कूलों में प्रवेश नहीं मिल सका।

देवला गांव में स्कूल के बाहर पुलिस की तैनाती भी देखने को मिली। टीम ने शिक्षकों से स्कूल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने का कारण पूछा। शिक्षकों ने बताया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) के निर्देश के तहत बाहरी लोगों को स्कूल के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। शिक्षकों का कहना था कि इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।

स्कूलों में प्रवेश नहीं मिलने के बाद सौरभ दास ने व्यवस्थाओं और निरीक्षण पर लगी रोक को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करते हुए सरकारी स्कूलों को शिक्षा का मंदिर बताते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा के स्कूलों में निरीक्षण के लिए भी रोक लगाई जा रही है। उन्होंने इस व्यवस्था को लेकर सरकार से सवाल किया।

इसी बीच देवला गांव में ग्रामीणों और सीजेपी की टीम के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई। ग्रामीणों ने टीम से निरीक्षण करने का अधिकार पूछते हुए कहा कि यदि स्कूलों में कोई समस्या होगी तो वे स्वयं शिकायत करेंगे। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उनके क्षेत्र के स्कूलों में सुविधाएं बेहतर हैं। विरोध के दौरान टीम और स्थानीय लोगों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

सौरभ दास ने देवला गांव में स्कूल के आसपास फैली गंदगी का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर स्कूल आने-जाने के रास्ते और आसपास की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।