YEIDA की नई प्लॉट योजना लॉन्च, स्कूल-कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए 19 प्लॉट होंगे ई-ऑक्शन
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (20 September 2026): यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने निवेशकों और शिक्षण संस्थानों के लिए जमीन लेने का बड़ा अवसर दिया है। प्राधिकरण ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल और कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए प्लॉट योजना लॉन्च की है। योजना के तहत कुल 19 प्लॉट ई-ऑक्शन के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे।
इस योजना के लिए 16 सितंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी और 16 अक्टूबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। स्कूल श्रेणी के प्लॉट के लिए ई-ऑक्शन 20 नवंबर 2026 को, जबकि कॉर्पोरेट ऑफिस के प्लॉट के लिए ई-ऑक्शन 23 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
चार सेक्टरों में स्कूल के 10 प्लॉट
YEIDA की योजना के तहत सेक्टर-17, 18, 20 और 22ई में सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए कुल 10 प्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। इन प्लॉट का आकार 8,000 से 14,100 वर्गमीटर तक है। इनकी आवंटन दर 16,804 रुपये से 17,775 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है।
स्कूल श्रेणी के प्लॉट का आरक्षित मूल्य 14.22 करोड़ रुपये से 23.41 करोड़ रुपये के बीच है। योजना में पंजीकरण के लिए आवेदकों को आरक्षित मूल्य की 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी।
कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए 9 प्लॉट
इसके अलावा सेक्टर-22ई में कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए कुल 9 प्लॉट उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक प्लॉट का क्षेत्रफल 1,000 वर्गमीटर है और इनकी दर 54,380 रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है।
इन प्लॉट का आरक्षित मूल्य 5.44 करोड़ रुपये रखा गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एक प्लॉट का मूल्य 6 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। कॉर्पोरेट ऑफिस प्लॉट के लिए पंजीकरण राशि 54.40 लाख रुपये तय की गई है।
एयरपोर्ट और प्रमुख परियोजनाओं के कारण बढ़ा निवेश का आकर्षण
YEIDA क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और यमुना एक्सप्रेसवे जैसी प्रमुख परियोजनाएं और कनेक्टिविटी सुविधाएं विकसित हो रही हैं। इन परियोजनाओं के चलते क्षेत्र में व्यावसायिक और संस्थागत गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं।
नई प्लॉट योजना के माध्यम से YEIDA क्षेत्र में स्कूल और कॉर्पोरेट ऑफिस स्थापित करने के इच्छुक संस्थानों एवं निवेशकों को जमीन उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।