108 कुंडीय यज्ञ में 1200 महिलाओं ने दी राष्ट्र वंदन की आहुति, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में गूंजे वैदिक मंत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (19/09/2026): गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा का परिसर शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ की पवित्र अग्नि और राष्ट्र वंदन के स्वर से गूंज उठा। प्रेरणा विमर्श 2026 के शुभारंभ अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में 108 कुंडीय ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 1200 महिलाओं ने सहभागिता करते हुए राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति के लिए आहुतियां अर्पित कीं।

यज्ञ के दौरान प्रत्येक हवन कुंड पर लगभग 10 से 11 महिलाओं ने एक साथ बैठकर वैदिक मंत्रों के बीच विधिवत आहुति दी। एक साथ 108 हवन कुंडों में प्रज्ज्वलित अग्नि, सामूहिक वैदिक मंत्रोच्चार और बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने पूरे विश्वविद्यालय परिसर को आध्यात्मिक एवं भव्य वातावरण में बदल दिया।

कार्यक्रम में राष्ट्र सेविका समिति की मुख्य कार्यवाहिका सीता अन्नदानम गायित्री जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने नारी शक्ति को संस्कार, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए महिलाओं से राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अरुणा सिंह जी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि अध्यक्षता प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्षा प्रीति दादू जी ने की।

भगवान बुद्ध और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन

मुख्य कार्यक्रम से पहले विश्वविद्यालय परिसर में स्थित भगवान बुद्ध, भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर तथा बौद्ध भिक्षुओं की प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन और माल्यार्पण किया गया। यह कार्यक्रम प्रेरणा विमर्श 2026 के संरक्षक एवं गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इसके बाद दोपहर में विश्वविद्यालय के मुख्य ऑडिटोरियम में लगाई गई प्रेरणा विमर्श 2026 की भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य वक्ता सीता अन्नदानम गायित्री जी द्वारा किया गया।

2023 में शुरू हुई यज्ञ की परंपरा

प्रेरणा विमर्श की सचिव मोनिका चौहान ने बताया कि प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की ओर से प्रत्येक वर्ष प्रेरणा विमर्श के शुभारंभ अवसर पर नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय से शुरू हुई यह यज्ञ परंपरा लगातार विस्तार पा रही है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष 108 कुंडों पर करीब 1200 महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को पहले की अपेक्षा अधिक व्यापक और भव्य स्वरूप प्रदान किया है।

मोनिका चौहान के अनुसार, भारतीय संस्कृति में यज्ञ को केवल धार्मिक अनुष्ठान के रूप में नहीं देखा जाता, बल्कि यह सामूहिक संकल्प, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की परंपरा से भी जुड़ा है। इसी भावना के साथ नारी शक्ति को राष्ट्र निर्माण की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास इस आयोजन के माध्यम से किया गया।

‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ पर केंद्रित प्रेरणा विमर्श

‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ विषय पर आयोजित प्रेरणा विमर्श 2026 में नारी सम्मान, युवा शक्ति, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। आयोजकों के अनुसार, नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ को इसी व्यापक विमर्श की भावभूमि के रूप में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, पत्रकार, प्रबुद्धजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन के दौरान राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका, सामाजिक जागरूकता और युवा पीढ़ी के योगदान जैसे विषयों पर भी विशेष जोर दिया गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।