ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने बरामद किए 104 गुम मोबाइल, CEIR पोर्टल की मदद से 21 लाख रुपये के फोन मिले

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (19/09/2026): ग्रेटर नोएडा में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ‘मिशन सहयोग’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गुम हुए 104 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कुल कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम के नेतृत्व में की गई।

भीड़भाड़ से लेकर सार्वजनिक परिवहन तक गुम हुए थे मोबाइल

पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए मोबाइल फोन अलग-अलग परिस्थितियों में लोगों से गुम हुए थे। कई मोबाइल भीड़भाड़ वाले इलाकों, साप्ताहिक बाजारों और सड़क पर पैदल चलते समय गिरे थे। वहीं, कुछ लोगों के मोबाइल दोपहिया वाहन चलाते समय गिर गए थे। इसके अलावा ऑटो, टैक्सी, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा से सफर के दौरान भी कई लोगों के मोबाइल फोन छूट गए थे।

CEIR पोर्टल की मदद से ट्रेस किए गए मोबाइल

मोबाइल फोन गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने ग्रेटर नोएडा जोन के विभिन्न थानों में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस की सर्विलांस सेल ने तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। पुलिस टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन से संबंधित तकनीकी जानकारी और लोकेशन को ट्रेस किया। इसके बाद अलग-अलग कंपनियों के कुल 104 स्मार्टफोन बरामद किए गए।

असली मालिकों को सौंपे गए मोबाइल

पुलिस ने बरामद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताया और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों को राहत मिली है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।