अजनारा होम्स सोसाइटी में टावर से गिरा प्लास्टर, कार क्षतिग्रस्त; बाल-बाल बचे राहगीर
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (19 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में शुक्रवार रात टावर से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। प्लास्टर का मलबा ओपन पार्किंग में खड़ी एक कार पर जा गिरा, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में नहीं आए और एक बड़ा हादसा टल गया।
सोसाइटी निवासी दिनकर पांडे के अनुसार, घटना रात करीब 9:50 बजे टावर-ए के पास हुई। उस दौरान कुछ महिलाएं और बच्चे वहां से गुजर रहे थे। अचानक ऊपरी मंजिल से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा और पार्किंग में खड़ी कार से जा टकराया। प्लास्टर गिरने की तेज आवाज से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि जिस समय प्लास्टर नीचे गिरा, उस वक्त कार के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। महिलाएं और बच्चे भी कुछ दूरी पर थे, जिसके चलते किसी को चोट नहीं आई। हालांकि, निवासियों का कहना है कि यदि प्लास्टर किसी व्यक्ति के ऊपर गिरता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, सोसाइटी में इमारत से प्लास्टर गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। उनका आरोप है कि इस संबंध में शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। निवासी लंबे समय से बिल्डिंग का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की मांग कर रहे हैं।
निवासियों का कहना है कि उन्होंने फ्लैट खरीदने में बड़ी रकम खर्च की है और नियमित रूप से मेंटेनेंस शुल्क भी जमा करते हैं। इसके बावजूद इमारत की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों ने संबंधित प्रबंधन से दोबारा स्ट्रक्चरल जांच, आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों के बीच बिल्डिंग की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों की मांग है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं।
टिप्पणियाँ बंद हैं।