रोहित गोदारा गैंग के खिलाफ बड़ा एक्शन, 12 करोड़ की हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 September 2026): नई दिल्ली में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और गुजरात पुलिस की वडोदरा सिटी क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रोहित गोदारा और महेंद्र डेलाना गैंग से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी की पहचान राजस्थान के चूरू निवासी 31 वर्षीय कुलदीप स्वामी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से करीब दो किलो हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, कुलदीप स्वामी गुजरात में दर्ज 10 करोड़ रुपये की रंगदारी से जुड़े एक मामले में वांटेड था। वडोदरा क्राइम ब्रांच को इस मामले की जांच के दौरान जानकारी मिली थी कि रंगदारी की रकम की पहली किस्त दिल्ली में दी जानी है। इसी इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की ईस्टर्न रेंज और वडोदरा क्राइम ब्रांच ने मिलकर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को उसके दिल्ली पहुंचने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने निगरानी बढ़ा दी।

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे संयुक्त टीम ने चांदनी चौक के कूचा घासी राम इलाके में बीकानेर स्वीट्स के पास कुलदीप स्वामी को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी से पूछताछ और उसके बताए स्थानों के आधार पर नजफगढ़ के जय विहार फेज-1 में खड़ी उसकी कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में स्पेयर टायर के पास एक विशेष तरीके से बनाया गया गुप्त चैंबर मिला। पुलिस का दावा है कि इसी चैंबर में चार पैकेटों के अंदर करीब दो किलो हेरोइन छिपाकर रखी गई थी।

पुलिस के मुताबिक, बरामद हेरोइन पाकिस्तानी मूल की बताई जा रही है और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां आरोपी के नेटवर्क, ड्रग्स की सप्लाई चेन और रंगदारी के मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थ की खेप दिल्ली तक कैसे पहुंची और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।