Noida Cyber Fraud: 65 वर्षीय महिला को 48 घंटे ‘Digital Arrest’ कर ठगे ₹24 लाख

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (18/09/2026): नोएडा एक्सटेंशन में साइबर ठगों ने 65 वर्षीय महिला को करीब 48 घंटे तक वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ (Digital Arrest) रखकर ₹24 लाख की ठगी कर ली। आरोपियों ने महिला को डराने के लिए उनके आधार कार्ड के दुरुपयोग, ड्रग्स तस्करी और हवाला कारोबार से जुड़े मामले में फंसाने की धमकी दी। गिरफ्तारी और जेल भेजने का डर दिखाकर ठगों ने महिला से जांच में सहयोग के नाम पर रकम ट्रांसफर करा ली।

टेलीफोन विभाग का अधिकारी बनकर किया फोन

तेज जोन-4 की निवासी अनीता के अनुसार, 5 अक्टूबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को टेलीफोन विभाग का कर्मचारी बताया और दावा किया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों में किया गया है।

आरोपी ने महिला को बताया कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है और गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया है। जब महिला ने मामले की जानकारी जानने की कोशिश की तो कॉल को कथित तौर पर एक ‘CBI अधिकारी’ के पास ट्रांसफर कर दिया गया।

ड्रग्स और हवाला केस में फंसाने का बनाया डर

इसके बाद ठगों ने महिला को बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर विदेश भेजे जा रहे एक पार्सल की बुकिंग की गई थी। कथित जांच के दौरान उस पार्सल से ड्रग्स बरामद होने की बात कही गई। इसके साथ ही महिला पर हवाला कारोबार से जुड़े होने का आरोप लगाया गया। आरोपियों ने गिरफ्तारी और जेल भेजने की धमकी देकर उन्हें लगातार डराए रखा।

48 घंटे तक वीडियो कॉल पर रखा, किसी से संपर्क नहीं करने दिया

साइबर ठगों ने महिला को करीब 48 घंटे तक वीडियो कॉल पर जोड़े रखा। इस दौरान उन्हें किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क करने या घटना के बारे में जानकारी साझा करने से रोक दिया गया। डर और दबाव का माहौल बनाकर आरोपियों ने महिला को भरोसा दिलाया कि यदि वह जांच में सहयोग करती हैं तो मामला जल्द साफ हो जाएगा।

‘जांच के बाद पैसे वापस मिल जाएंगे’ कहकर ट्रांसफर कराए ₹24 लाख

आरोपियों ने महिला से कहा कि जांच प्रक्रिया के तहत उन्हें एक बैंक खाते में ₹24 लाख ट्रांसफर करने होंगे। ठगों ने यह भी भरोसा दिलाया कि जांच पूरी होने के बाद यदि वह निर्दोष पाई जाती हैं तो पूरी रकम उन्हें वापस कर दी जाएगी। महिला ने आरोपियों की बात पर विश्वास करते हुए रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में जब पैसे वापस नहीं मिले तो उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।

साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किया केस

इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस से की। पुलिस ने बुधवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों, कॉल डिटेल और बैंक खाते समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस ठगी में कौन-कौन लोग शामिल हैं और रकम किन खातों के जरिए आगे ट्रांसफर की गई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।