नोएडा में दिवाली की खरीदारी से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 5 से 8 नवंबर तक रहेगा डायवर्जन

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (05/11/2026): धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी के लिए नोएडा के बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 5 से 8 नवंबर 2026 तक सेक्टर-18, अट्टा मार्केट और आसपास के इलाकों में जरूरत के अनुसार वाहनों का रूट बदला जाएगा। ऐसे में बाजारों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को घर से निकलने से पहले नए रास्तों की जानकारी रखना जरूरी होगा।

सेक्टर-18 और अट्टा मार्केट में भीड़ बढ़ने पर अट्टापीर से अट्टा चौक जाने वाले वाहनों को बाएं मुड़कर राय रेजिडेंसी चौक की ओर भेजा जाएगा। यहां से कैम्ब्रिज स्कूल के सामने एलिवेटेड रोड के नीचे यू-टर्न लेकर सेक्टर-28 कार मार्केट के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं, अट्टा चौक से अट्टापीर जाने वाले वाहन जीआईपी मॉल के सामने से फिल्मसिटी फ्लाईओवर के नीचे यू-टर्न लेकर डीएलएफ और सेंटर स्टेज मॉल की ओर से आगे जा सकेंगे।

इसके अलावा फिल्मसिटी फ्लाईओवर और गुरुद्वारे की ओर से सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन जाने वाले वाहनों को सेक्टर-18 अंडरपास से निकाला जाएगा। त्योहारों के दौरान भारी और मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी निर्धारित प्रतिबंध लागू रहेंगे। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री व्यवस्था पहले से जारी आदेशों के अनुसार रहेगी। वहीं, दादरी में लुहारली टोल से एनटीपीसी तिराहे तक मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने बाजारों और शॉपिंग मॉल के आसपास सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और भीड़भाड़ से बचने के लिए मेट्रो व सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की गई है।

यातायात संबंधी परेशानी या जाम की स्थिति में लोग ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 और व्हाट्सएप नंबर 7065100100 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, जिससे धनतेरस और दीपावली के दौरान खरीदारी के लिए निकलने वाले लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।