नोएडा में सफाई व्यवस्था की खुली पोल! 312 जगहों की जांच में 72 स्थानों पर मिला कूड़े का अंबार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (05/11/2026): त्योहारों के मद्देनजर शहर को साफ-सुथरा रखने की तैयारियों के बीच नोएडा में सफाई व्यवस्था की स्थिति ने प्राधिकरण की चिंता बढ़ा दी है। शहर में किए गए निरीक्षण के दौरान 312 स्थानों की जांच की गई, जिनमें 72 जगहों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस लापरवाही पर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कृष्ण करुणेश ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए 10 से अधिक वरिष्ठ प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
प्राधिकरण ने संबंधित अधिकारियों को अगले 10 दिनों के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने का समय दिया है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित अवधि में सफाई व्यवस्था में ठोस सुधार दिखाई देना चाहिए। इसके बाद होने वाली समीक्षा बैठक में दोबारा गंदगी या लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में सफाई, बिजली, जलापूर्ति और सीवेज व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में महाप्रबंधक सिविल एके अरोड़ा और एसपी सिंह समेत विभिन्न वर्क सर्किल, जल खंड और विद्युत खंड के वरिष्ठ प्रबंधक शामिल हुए। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केवल कागजी निरीक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि अपने क्षेत्रों में पहुंचकर समस्याओं का मौके पर समाधान कराएं।
सीईओ ने वरिष्ठ प्रबंधकों को अपने अधीनस्थ प्रबंधकों, सहायक प्रबंधकों और अवर अभियंताओं के साथ नियमित रूप से क्षेत्र का जायजा लेने को कहा। साथ ही सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी भी निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी क्षेत्र में गंदगी मिलने पर संबंधित कर्मचारी और अधिकारी की जवाबदेही तय की जा सके। प्राधिकरण का जोर अब निरीक्षण के साथ-साथ जमीन पर काम की गुणवत्ता सुधारने पर है।
वहीं, छठ पूजा को देखते हुए शहर में बनाए जाने वाले अस्थायी तालाबों और घाटों की तैयारियां भी समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्थानों पर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के साथ पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सुविधा के लिए पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम लगाया जाएगा। प्राधिकरण ने संबंधित विभागों को त्योहारों से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।