New Delhi News (17 September 2026): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा सीट पर 2025 के चुनाव में अपनी हार का जिक्र करते हुए वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक न्यूज रिपोर्ट साझा करते हुए दावा किया कि दिल्ली में चुनाव जीतने के लिए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए। इसी पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामना देते हुए लोकतंत्र को लेकर भी तीखी टिप्पणी की।
केजरीवाल ने जिस रिपोर्ट को साझा किया, उसमें दावा किया गया था कि नई दिल्ली विधानसभा सीट पर 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले जोड़े गए नए मतदाताओं में से करीब 40 प्रतिशत नाम बाद में SIR प्रक्रिया के दौरान हट गए। इसी रिपोर्ट का हवाला देते हुए केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग किया और लिखा, “तो इस तरह मोदी जी ने दिल्ली जीता, वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करते हुए। बधाई मोदी जी भारतीय लोकतंत्र की हत्या के लिए। हैप्पी बर्थडे।” इस बयान के बाद यह मुद्दा एक बार फिर दिल्ली की मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।

अरविंद केजरीवाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच राजनीतिक मतभेद लंबे समय से रहे हैं। हालांकि, इससे पहले जन्मदिन के मौके पर केजरीवाल प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते रहे हैं। पिछले साल भी उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की थी। इस बार उनके संदेश में शुभकामना के साथ ही चुनाव और मतदाता सूची को लेकर गंभीर आरोप शामिल रहे, जिससे उनका बयान राजनीतिक तौर पर चर्चा में आ गया।
बात अगर नई दिल्ली विधानसभा सीट की करें तो यह सीट अरविंद केजरीवाल के राजनीतिक सफर में खास महत्व रखती है। 2013 में इसी सीट से उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर दिल्ली की राजनीति में बड़ी पहचान बनाई थी। लेकिन 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें इसी सीट पर भाजपा के प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के हाथों हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम के मुताबिक, प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने केजरीवाल को 4,089 वोटों के अंतर से हराया था। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी को दिल्ली की सत्ता भी गंवानी पड़ी थी।
वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले और चुनाव के बाद भी सवाल उठाए थे। पार्टी की ओर से मतदाताओं के नाम गलत तरीके से जोड़ने और हटाने के आरोप लगाए गए थे, जबकि चुनाव आयोग ने इन आरोपों का खंडन किया था। अब SIR से जुड़ी रिपोर्ट का हवाला देते हुए केजरीवाल ने एक बार फिर मतदाता सूची के मुद्दे को उठाया है। ऐसे में उनके ताजा बयान के बाद दिल्ली में चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची में बदलाव और SIR को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप फिर तेज होने के आसार हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।