जेवर के स्थानीय लोगों को यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल से राहत, जानिए किस आधार पर होगी फ्री आवाजाही
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (17/09/2026): जेवर क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर आवागमन को लेकर राहत की खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने घोषणा की कि गुरुवार सुबह 11 बजे से जेवर क्षेत्र और आसपास के गांवों के स्थानीय नागरिकों को निर्धारित पहचान-पत्र के आधार पर यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क से मुक्त आवागमन की सुविधा मिलेगी।
विधायक धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, जेवर क्षेत्र के स्थानीय नागरिक पिछले करीब 14 वर्षों से टोल में राहत की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी के साथ बातचीत के बाद स्थानीय नागरिकों और किसानों के लिए यह सुविधा शुरू करने पर सहमति बनी है।
किसानों और स्थानीय लोगों के योगदान का दिया हवाला
धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जेवर क्षेत्र के किसानों ने एयरपोर्ट समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराकर क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों और किसानों को भी क्षेत्र में हो रहे विकास का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को मिलने वाली यह सुविधा किसी प्रकार की कृपा नहीं, बल्कि क्षेत्र के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग और उनके अधिकार से जुड़ा विषय है।
जरूरी सरकारी कामों के लिए आने-जाने में मिलेगी राहत
विधायक ने बताया कि स्थानीय नागरिकों को कलेक्ट्रेट, पुलिस कार्यालय, अदालत, तहसील और अन्य जरूरी सरकारी कार्यों के लिए आवागमन के दौरान टोल शुल्क से राहत मिलेगी। इसके चलते जेवर और आसपास के गांवों के लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि जेवर क्षेत्र में एयरपोर्ट समेत कई बड़ी विकास परियोजनाएं आकार ले रही हैं। ऐसे में विकास प्रक्रिया में स्थानीय किसानों और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है और विकास का लाभ भी क्षेत्र के लोगों तक पहुंचना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेकर समाज, प्रदेश और देश के विकास में अपना योगदान देने की अपील की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।