दिवाली से पहले अमूल ने दिया ग्राहकों को महंगाई का झटका, घी और मक्खन के दाम बढ़ाए

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 November 2026): दीपावली से पहले देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल (Amul) ने ग्राहकों को महंगाई का झटका दिया है। कंपनी ने घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के मुताबिक, अब एक किलो अमूल घी खरीदने के लिए ग्राहकों को पहले के मुकाबले 50 रुपये अधिक चुकाने होंगे। वहीं, मक्खन के अलग-अलग पैक भी महंगे हो गए हैं। त्योहारों के मौसम में कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।

अमूल की ओर से जारी नई कीमतों के अनुसार, एक किलो घी का पैक अब 630 रुपये के बजाय 680 रुपये में मिलेगा। वहीं, 500 ग्राम शुद्ध घी की कीमत 325 रुपये से बढ़ाकर 345 रुपये कर दी गई है। मक्खन की बात करें तो 100 ग्राम का पैक अब 63 रुपये के बजाय 66 रुपये में मिलेगा, जबकि 500 ग्राम मक्खन की कीमत 310 रुपये से बढ़ाकर 325 रुपये कर दी गई है। इस तरह अलग-अलग उत्पादों पर 3 रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी घी की अलग-अलग किस्मों की कीमतें दर्ज हैं। यहां गाय का घी 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपये, शुद्ध घी 700 रुपये और भैंस का घी 720 रुपये प्रति लीटर की दर से सूचीबद्ध है। हालांकि, शुद्ध घी, भैंस का घी और कुछ कॉम्बो पैक जैसे उत्पादों के स्टॉक में उपलब्ध नहीं होने की जानकारी भी सामने आई। ऐसे में दीपावली से पहले घी और मक्खन की बढ़ी हुई कीमतें उन परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित करेंगी, जो त्योहारों के दौरान इन उत्पादों की खरीदारी अधिक करते हैं।

गौरतलब है कि सितंबर 2025 में जीएसटी की दर 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत किए जाने के बाद अमूल ने अपने करीब 700 डेयरी उत्पादों की कीमतों में कटौती की थी। उस दौरान एक लीटर घी की कीमत 650 रुपये से घटाकर 610 रुपये और पांच लीटर के टिन की कीमत 3,275 रुपये से घटाकर 3,075 रुपये की गई थी। इसी तरह 100 ग्राम मक्खन 62 रुपये से घटकर 58 रुपये और 500 ग्राम मक्खन 305 रुपये से घटकर 285 रुपये का हो गया था। लेकिन अब कंपनी की ओर से की गई ताजा बढ़ोतरी के बाद ग्राहकों को जीएसटी कटौती से मिली राहत का बड़ा हिस्सा खत्म होता दिखाई दे रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।