राहुल गांधी ने दिया ओपन चैलेंज, दिल्ली की राजनीति में मचा बवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (04 November 2026): दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर खुली बहस को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ओपन डिबेट की चुनौती दी है। भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री राष्ट्रीय मुद्दों को छोड़कर दिल्ली के मुद्दों पर बात करें और किसी भी मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके साथ खुली बहस करें। उन्होंने मुख्यमंत्री के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा कि दिल्ली की जनता से जुड़े सवालों पर चर्चा होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने दिल्ली सरकार पर सात कथित घोटालों के आरोप भी लगाए।

दरअसल, विवाद की शुरुआत कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती देने के बाद हुई। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के साथ सार्वजनिक मंच पर डिबेट की बात कही थी। इसके जवाब में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी को संसद में आकर बहस करने का न्योता दिया था। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में 1975 के आपातकाल, 1984 के सिख दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन कार्यकाल जैसे मुद्दों पर चर्चा करने की पेशकश की थी। इसी चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरभ भारद्वाज ने बहस का मुद्दा राष्ट्रीय राजनीति से हटाकर दिल्ली सरकार के कामकाज पर केंद्रित करने की मांग की।

सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए 842 करोड़ रुपये के कथित हेल्थ स्कैम का आरोप लगाया और दावा किया कि मौजूदा सरकार में इससे जुड़ी ज्यादातर फाइलें नष्ट हो गईं। इसके अलावा उन्होंने साइकिल खरीद में कथित अनियमितता का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि 4,000 रुपये की साइकिल 7,000 रुपये में खरीदी गई और सरकार ने जांच के आदेश तक नहीं दिए। भारद्वाज ने गरीबों के लिए आवंटित चावल से जुड़े कथित घोटाले का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि पांच करोड़ किलो चावल बेचे जाने के मामले में एक अधिकारी ने मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम लिया था, लेकिन मुख्यमंत्री ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।

आप नेता ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के टेंडर और लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जल बोर्ड में टेंडर प्रक्रिया में धांधली हो रही है और ठेकेदारों को नतीजों की जानकारी पहले से मिल जाती है। वहीं, सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में सड़कें हाथों से टूट रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आंकड़ों में कथित हेरफेर का आरोप लगाया और दावा किया कि AQI मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का छिड़काव कर आंकड़ों को प्रभावित किया जा रहा है। ये सभी आरोप सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को बहस की चुनौती देते हुए लगाए हैं।

सातवें मुद्दे के तौर पर सौरभ भारद्वाज ने सरकारी स्कूलों की पाठ्यपुस्तकों की खरीद में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया। उनका दावा है कि टेंडर की शर्तों के विपरीत घटिया गुणवत्ता की किताबें उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सात मुद्दों को गिनाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से दिल्ली के विकास, सरकारी खर्च, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, सड़कों और प्रदूषण जैसे विषयों पर सार्वजनिक बहस करने को कहा है। अब इस चुनौती के बाद दिल्ली की राजनीति में सवाल यह है कि क्या मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस बहस को स्वीकार करेंगी या दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला आगे बढ़ेगा।

टिप्पणियाँ बंद हैं।