नोएडा में 28 हजार से ज्यादा ई-रिक्शा, मुख्य सड़कों पर बढ़ा जाम का दबाव

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (13/09/2026): शहर में ई-रिक्शों की बढ़ती संख्या अब यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। करीब 200 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़कों पर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। कई जगह चालक सड़क पर ही अचानक रुककर सवारियां बैठाते और उतारते हैं। इससे पीछे चल रहे वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है और कई बार सड़क पर लंबा जाम लग जाता है।

गौतमबुद्ध नगर में अब तक 28,533 ई-रिक्शा पंजीकृत हो चुके हैं। इनके पंजीकरण की संख्या तय करने के लिए फिलहाल कोई विशेष सीमा लागू नहीं है और पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। शहर में ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था मुख्य रूप से छोटी गलियों और फीडर रूट के लिए बनाई गई थी, लेकिन इनका इस्तेमाल प्रमुख मार्गों पर भी लगातार हो रहा है। कई मुख्य सड़कों पर लगभग हर कुछ दूरी पर ई-रिक्शा खड़े दिखाई देते हैं।

ई-रिक्शा के लिए बने अनधिकृत पिक एंड ड्रॉप स्थान भी यातायात की समस्या बढ़ा रहे हैं। चालक कई बार सड़क के बीच या किनारे अचानक वाहन रोककर सवारी बैठाते हैं। इस दौरान 20 से 30 सेकंड तक यातायात बाधित रहता है। पीछे से आने वाले वाहनों की कतार लग जाती है और वाहन चालकों को हॉर्न बजाकर रास्ता बनाने की कोशिश करनी पड़ती है। ई-रिक्शों के कारण कई स्थानों पर तेज गति से चलने वाले वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।

शहर में ई-सिटी बसों का संचालन शुरू होने के बावजूद प्रमुख सड़कों पर ई-रिक्शों की संख्या कम नहीं हुई है। वहीं, नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने के मामले भी सामने आते रहे हैं। अप्रैल 2025 में पांच नाबालिगों से ई-रिक्शा चलवाने वाले मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन ऐसी कार्रवाई लगातार नहीं हो सकी। यातायात विभाग के अनुसार ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारित हैं और चालकों को नियमों के पालन के लिए जागरूक किया जाता है। उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई भी की जाती है। वहीं एआरटीओ प्रशासन व प्रवर्तन के अनुसार वर्तमान में पंजीकरण निशुल्क है और ई-रिक्शों की संख्या को लेकर कोई निर्धारित सीमा नहीं है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।