UPITS 2026 में रूस के साथ बी2बी संवाद से व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (13/09/2026): ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) के चौथे संस्करण में भारत-रूस व्यापारिक संबंधों पर खास फोकस रहेगा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले इस आयोजन में रूस के उद्योग जगत और उत्तर प्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र के बीच बी2बी राउंडटेबल का आयोजन किया जाएगा। इसके जरिए दोनों देशों के कारोबारियों को सीधे संवाद और नए व्यापारिक अवसर तलाशने का मंच मिलेगा।
यूपीआईटीएस-2026 में रूस के साथ सरकारी स्तर की बातचीत भी प्रस्तावित है। इसका उद्देश्य व्यापारिक संपर्क बढ़ाने के साथ उत्तर प्रदेश के उत्पादों और विनिर्माण क्षमता को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। रूस की भागीदारी भारत-रूस के मौजूदा आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के साथ वैकल्पिक व्यापार मार्गों और दक्षिण-दक्षिण सहयोग को बढ़ावा देने में अहम मानी जा रही है। वहीं ऑस्ट्रिया की भागीदारी में मुक्त व्यापार समझौतों से मिलने वाले अवसरों और साझा औद्योगिक हितों पर चर्चा होगी।
ट्रेड शो में जापान, सिंगापुर और वियतनाम की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रहेगी। जापान से जुड़े सत्रों में स्थानीय उत्पादों और निर्माताओं को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर चर्चा होगी। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित हो रहा 500 एकड़ का जापानी औद्योगिक शहर भी भारत-जापान औद्योगिक सहयोग का प्रमुख उदाहरण है। सिंगापुर के माध्यम से वित्त, लॉजिस्टिक्स, तकनीक और पूर्वी एशियाई बाजारों से जुड़ने के अवसरों पर जोर रहेगा, जबकि वियतनाम की भागीदारी एशियाई विनिर्माण और सप्लाई चेन के साथ प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर केंद्रित होगी।
आयोजन में आने वाले लोगों के लिए परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने करीब 350 बसों की व्यवस्था की है, जबकि 500 से अधिक बसें चलाने की तैयारी है। डीटीसी ने 100 ई-बसें उपलब्ध कराने पर सहमति दी है और यूपी रोडवेज भी ई-बसों की संख्या बढ़ाएगा। एक्सपो मार्ट तक शटल सेवा के लिए बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने के साथ नालेज पार्क, कासना और स्टेडियम क्षेत्र में चार्जिंग व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
इस बार ट्रेड शो में ‘एक जिला, एक उत्पाद’ के तहत प्रदेश के स्थानीय उत्पादों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, डिफेंस कॉरिडोर, इलेक्ट्रिक वाहन और ग्रीन एनर्जी जैसे उभरते क्षेत्रों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन में 2400 से अधिक प्रदर्शकों और करीब 1.5 लाख अंतरराष्ट्रीय व घरेलू बी2बी खरीदारों के पहुंचने का अनुमान है। इससे उत्तर प्रदेश के कारोबारियों को नए बाजार, निवेश और निर्यात के अवसर मिलने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।