नोयडा सेक्टर-69 के पार्क में पेड़ से लटका मिला 23 वर्षीय युवक का शव

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (04/11/2026): नोएडा के सेक्टर-69 स्थित एक पार्क में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। सुबह की सैर के लिए पार्क पहुंचे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की पहचान करीब 23 वर्षीय प्रभाकर पुत्र रामकिशन लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फर्रुखाबाद का रहने वाला था और नोएडा में गढ़ी गोलचक्कर के पास रहकर मजदूरी करता था। उसके पिता भी मजदूरी का काम करते हैं। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, उसके गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु की वास्तविक वजह की पुष्टि हो सकेगी।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि प्रभाकर पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर परेशान चल रहा था। हालांकि, उसकी परेशानी की वजह क्या थी और उसका इस घटना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है। फोन में मौजूद कॉल डिटेल और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है, ताकि युवक की मानसिक स्थिति, हाल के संपर्कों और घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।