राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के त्वरित निस्तारण के साथ लोगों को मिल रहीं कई सुविधाएं
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Gautam Buddh Nagar News (12/09/2026): गौतमबुद्ध नगर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया। जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसील न्यायालयों में भी राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न विभागों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों की ओर से विशेष स्टॉल और सहायता केंद्र भी लगाए गए हैं।
कई तरह के मामलों का होगा निस्तारण
लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम, वैवाहिक विवाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम, दीवानी वाद, एनआई एक्ट की धारा 138, ई-चालान, आर्बिट्रेशन, लघु शमनीय वाद, विद्युत अधिनियम और भू-राजस्व से जुड़े मामलों सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण किया जा रहा है।
इसके अलावा सेवा एवं पेंशन संबंधी मामले, श्रम विवाद तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण, विद्युत और बीएसएनएल के टेलीफोन बिल से जुड़े मामलों को भी आपसी समझौते के जरिए निपटाने की व्यवस्था की गई है।
बैंक और विभागों के स्टॉल पर मिल रही जानकारी
जनसामान्य की सुविधा के लिए नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड, बीएसएनएल नोएडा, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड सहित विभिन्न विभागों और वित्तीय संस्थानों ने स्टॉल लगाए हैं। इनमें सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, आईडीबीआई बैंक, वोडाफोन आइडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक और हीरो फिनकॉर्प लिमिटेड शामिल हैं। यहां संबंधित मामलों और शिकायतों के निस्तारण से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
चालान और मुकदमों की जानकारी के लिए हेल्प डेस्क
वाहन चालान और लंबित मुकदमों से जुड़ी जानकारी के लिए दीवानी न्यायालय परिसर में चार हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। ये हेल्प डेस्क कंप्यूटर कक्ष और गेट नंबर-2 के पास स्थित जन सेवा केंद्र से संचालित किए जा रहे हैं।
वादकारी यहां अपने मुकदमों और मोटर वाहन चालान से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मोटर वाहन चालान के निस्तारण के लिए पेमेन्ट सेतु लिंक के माध्यम से भी प्रक्रिया पूरी कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

टेली सेवा से भी ले सकते हैं जानकारी
जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव के अनुसार वाहन चालान और लंबित मामलों की जानकारी के लिए टेली सेवा भी शुरू की गई है। इसके तहत शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक 7678643985 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
स्वास्थ्य जांच और कौशल विकास के स्टॉल भी
लोक अदालत परिसर में स्वास्थ्य जांच के लिए भी शिविर लगाए गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दादरी की ओर से स्वास्थ्य शिविर, Felix Hospital की ओर से जांच शिविर और Ninam Foundation की ओर से निःशुल्क मोतियाबिंद एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया है।
वहीं जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर, साईं वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर और राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), फेस-2 नोएडा के कौशल विकास केंद्रों द्वारा तैयार उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इनके जरिए कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।
लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने जनपदवासियों से अपील की कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने लंबित एवं सुलह योग्य मामलों का आपसी सहमति से त्वरित निस्तारण कराएं। उन्होंने लोगों से लोक अदालत में उपलब्ध हेल्प डेस्क, टेली सेवा, विभागीय स्टॉल और अन्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा सहित न्यायिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।