जामिया के गर्ल्स हॉस्टल में खराब खाने को लेकर छात्राओं का प्रदर्शन, रातभर बैठीं धरने पर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (12 September 2026): जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के जम्मू-कश्मीर (J&K) गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने मेस में कथित तौर पर खराब गुणवत्ता का खाना परोसे जाने के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्राएं बीती रात से यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-13 यानी सेंटेनरी गेट के पास शांतिपूर्ण धरने पर बैठी हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र संगठन AISA कर रहा है। छात्राओं का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को कई बार शिकायत देने के बावजूद खाने की गुणवत्ता की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

प्रदर्शनकारी छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल की मेस में लंबे समय से खराब खाना परोसा जा रहा है और कई बार खाने में कीड़े तथा कांच के टुकड़े मिलने की शिकायतें भी सामने आई हैं। AISA के सेक्रेटरी सौरभ ने आरोप लगाया कि संबंधित कैंटीन ठेकेदार करीब चार साल से हॉस्टल में कैंटीन चला रहा है, जबकि कैंटीन के लिए हर साल नया कॉन्ट्रैक्ट जारी किया जाना चाहिए। छात्र संगठन ने कैंटीन संचालक और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच कथित मिलीभगत की जांच कराने की भी मांग उठाई है।

सौरभ के अनुसार, छात्राओं की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने खाने की गुणवत्ता सुधारने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन करने पर छात्राओं को हॉस्टल से बाहर निकालने की धमकी भी दी गई। प्रदर्शनकारी छात्राओं और AISA ने मौजूदा कैंटीन ठेकेदार को तत्काल हटाने और उसका लाइसेंस रद्द करने, हॉस्टल में तैनात पुरुष कर्मचारियों की जगह महिला स्टाफ नियुक्त करने तथा प्रदर्शन में शामिल किसी भी छात्र या छात्रा के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की मांग की है। साथ ही शिकायतों को कथित तौर पर नजरअंदाज करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।

AISA का कहना है कि करीब दो दिन पहले विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बाद भी ठेकेदार के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी के चलते छात्राओं को एक बार फिर धरने पर बैठना पड़ा। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और मेस में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।