दिल्ली हादसे के बाद नोएडा प्राधिकरण में एक्शन, जर्जर मकानों का सर्वे शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (11/09/2026): दिल्ली में इमारत गिरने की घटना के बाद नोएडा प्राधिकरण ने जर्जर और असुरक्षित भवनों की जांच तेज कर दी है। गांवों में चल रहे सर्वे के दौरान खतरनाक स्थिति में पाए जाने वाले मकानों पर नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। संबंधित मकान मालिकों और वहां रहने वाले लोगों को भवन खाली करने के लिए एक से दो सप्ताह का समय दिया जा रहा है।

प्राधिकरण की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में भवन खाली नहीं करने और वहां रहने के दौरान कोई दुर्घटना होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी। ACEO वंदना त्रिपाठी के अनुसार, नोटिस दिए गए भवनों को खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी। नोटिस की प्रति पुलिस को भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता से लोगों को भवन से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा सके।

प्राधिकरण के 10 वर्क सर्किल के अंतर्गत आने वाले 81 गांवों में जर्जर और असुरक्षित भवनों की पहचान की जा रही है। सदरपुर, निठारी, ममूरा, सलारपुर और भंगेल जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सर्वे चल रहा है। ममूरा में अब तक 9 भवनों को असुरक्षित मानते हुए नोटिस लगाए जा चुके हैं। इन भवनों में अभी भी लोग रह रहे हैं और उन्हें भवन खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राधिकरण के पुराने सर्वे में वर्ष 2019 से पहले करीब 1,757 भवन असुरक्षित पाए गए थे। उस समय संबंधित भवन मालिकों को नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन इसके बाद प्रभावी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। इस बार अधिकारियों का कहना है कि अभियान केवल नोटिस जारी करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खतरनाक पाए जाने वाले भवनों को खाली कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

गांवों के साथ-साथ सेक्टर-31 के 128 EWS फ्लैट भी जर्जर स्थिति के कारण कार्रवाई के दायरे में हैं। वहीं, निठारी समेत अन्य इलाकों में भी असुरक्षित मकानों की पहचान की जा रही है। गांवों का सर्वे पूरा होने के बाद सेक्टरों में भी अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान भवनों में नक्शे के विपरीत किए गए निर्माण की भी जांच होगी। पांच मंजिल तक किए गए अतिरिक्त निर्माण की शिकायतों के आधार पर संबंधित भवनों को धारा-10 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।