जेवर में भाकियू अराजनैतिक की बैठक, किसानों के मुद्दों पर बनी आगे की रणनीति

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (06/09/2026): भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की बैठक शनिवार को जेवर क्षेत्र के ननुआ का राजपुर गांव में आयोजित हुई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आगे की रणनीति तैयार की गई। संगठन की ओर से पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और सरकार के सामने मजबूती से रखने का निर्णय लिया।

बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जीवन सिंह ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा हतेवा ने किया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। रामकुमार बैसला को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके जुड़ने से संगठन को क्षेत्र में और मजबूती मिलेगी तथा किसानों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।

संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिनेश शर्मा ने बताया कि 3 सितंबर को संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक की केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े कई अहम विषयों को लेकर जल्द ही केंद्रीय कृषि मंत्री के साथ भी बातचीत प्रस्तावित है। इस दौरान भारत-अमेरिका ट्रेड डील, भूमि अधिग्रहण कानून समेत किसानों के हित से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा कर समाधान की मांग रखी जाएगी।

संगठन मंत्री बोबी नागर ने बताया कि क्षेत्र के तीनों प्राधिकरणों के अधिकारियों के साथ जल्द ही बैठक की जाएगी। इसमें किसानों की लंबित समस्याओं, जमीन और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों समेत स्थानीय स्तर की अन्य परेशानियों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। किसान नेताओं ने कहा कि समस्याओं के निराकरण तक संगठन लगातार संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रखता रहेगा।

बैठक में डॉक्टर ओमप्रकाश, धीरज प्रमुख, जयवीर कसाना, देवेंद्र शर्मा, मोहन शर्मा, महाराज सिंह, विज्जन नागर, वेदपाल कौशिक, गजेंद्र नागर, आदेश शर्मा, रणवीर अवाना, रंजीत शर्मा, सतीश नागर, सुबोध भाटी और रजनीश नागर समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।