नोएडा प्राधिकरण की 223वीं बोर्ड बैठक में बड़े फैसले, किसानों से लेकर कचरा प्रबंधन तक कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
NOIDA News (05 सितंबर 2026): नोएडा प्राधिकरण की 223वीं बोर्ड बैठक में शहर के विकास, औद्योगिक सुविधाओं, नागरिक सेवाओं, कचरा प्रबंधन और किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक में दीर्घकालीन नागरिक सेवाओं के लिए कॉर्पस फंड बनाने से लेकर 100 TPD Waste-to-Energy प्लांट, सेक्टर-8 की नर्सरी के आधुनिक विकास और किसानों को बढ़े हुए मुआवजे से संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं औद्योगिक विकास आयुक्त/अध्यक्ष नोएडा दीपा रंजन ने की। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, मुख्य विधि अधिकारी, महाप्रबंधक, वित्त नियंत्रक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दीर्घकालीन नागरिक सेवाओं के लिए बनेगा कॉर्पस फंड
प्राधिकरण ने जलापूर्ति, सफाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिक अवस्थापना जैसी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए One-Time Lease Rent–Corpus Fund (OTLR-CF) स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से गैर-आवर्ती आय के सुव्यवस्थित लेखांकन, निवेश, उपयोग और निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
Legacy Real Estate Projects के समाधान पर जोर
शासनादेश के तहत 21 दिसंबर 2023 के बाद समाप्त पुरानी भू-संपदा परियोजनाओं के समाधान के लिए लागू नीति/पैकेज की प्रगति की समीक्षा की गई। 25 प्रतिशत देय धनराशि जमा करने वाले 23 आवंटियों को शेष 75 प्रतिशत जमा करने के नोटिस जारी किए गए हैं। भुगतान के संबंध में 23 मामलों में ₹540.75 करोड़ तथा अन्य अनुमोदित भुगतान सहित कुल ₹561.35 करोड़ जमा हुए हैं।
औद्योगिक इकाइयों के लिए बनेगी एकरूप नीति
Unified Regulations, 2025 के तहत औद्योगिक इकाइयों से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लिए एकरूप नीति तैयार करने पर विचार किया गया। इसके लिए प्राधिकरण अधिकारियों की समिति के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
सेक्टर-153 में पुलिस आयुक्त कार्यालय के लिए जमीन
गौतमबुद्धनगर पुलिस आयुक्त कार्यालय के उपयोग के लिए सेक्टर-153 में लगभग 13,347.18 वर्गमीटर भूमि आवंटित करने का निर्णय लिया गया।
सेक्टर-145 में 100 TPD Waste-to-Energy Facility
नोएडा में सूखे/RDF कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए सेक्टर-145 में 100 TPD क्षमता की Thermolysis आधारित Integrated Waste-to-Energy and Resource Recovery Facility स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए EO I/RFP के माध्यम से संस्था का चयन किया जाएगा।
किसानों के लिए बड़ा फैसला, आबादी भूखंड का लाभ बढ़ा
बैठक में किसानों को लेकर भी अहम निर्णय हुआ। नोएडा प्राधिकरण द्वारा आबादी भूखंडों के लिए निर्धारित दर को ₹6,459 प्रति वर्गमीटर करने पर सहमति बनी। इससे किसानों को भूमि के मूल्य के साथ-साथ नोएडा/डीएनजीआईआर के विकास और भविष्य की आर्थिक समृद्धि में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
सेक्टर-8 की नर्सरी का होगा आधुनिक विकास
उद्यान खंड-प्रथम की सेक्टर-8 स्थित करीब 8 एकड़ नर्सरी को Build-up, Operation and Maintenance (BOM) आधार पर विकसित किया जाएगा। EO I/RFP के माध्यम से एजेंसी का चयन कर नर्सरी को आधुनिक एवं नागरिकों के लिए उपयोगी सुविधा के रूप में विकसित किया जाएगा।
सहकारी आवासीय समितियों के Subsequent Members को राहत
सहकारी आवासीय समितियों के आवंटित समूह हाउसिंग भूखंडों पर बने फ्लैटों में वर्तमान काबिज Subsequent Members की समस्याओं के समाधान के लिए समिति की NOC, अंतरण शुल्क और निर्धारित प्रीमियम जैसी शर्तों पर प्रक्रिया तय की गई है। इससे वैध कब्जेदारों को संपत्ति के दस्तावेज प्राप्त करने, स्टांप ड्यूटी सुनिश्चित करने और लंबित मामलों के समाधान में मदद मिलेगी।
बैठक में वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की गई और प्राधिकरण की प्रमुख विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।