त्योहारों पर मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग ने कसा शिकंजा, 70.83 लाख का सामान जब्त

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (07/11/2026): दिवाली और शारदीय नवरात्रि के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में खाद्य निर्माण इकाइयों, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 6,425 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 70 लाख 83 हजार 900 रुपये है। वहीं, मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाई गई 1,025 किलोग्राम मिठाई, खोया और अन्य खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया।

जिलाधिकारी के निर्देशन में यह अभियान 9 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलाया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन से जुड़ी इकाइयों की जांच की गई। विभागीय टीमों ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 129 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 35 खाद्य प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए। वहीं, गंभीर अनियमितताएं मिलने पर चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीकरण निलंबित कर दिए गए। विभाग ने करीब 70.83 लाख रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री को सीज किया। इसके अलावा लगभग 2 लाख 96 हजार 500 रुपये मूल्य की 1,025 किलोग्राम खराब और अनुपयुक्त खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कारोबारियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। उन्हें केवल लाइसेंसधारी और पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदने को कहा गया है। साथ ही खरीद से संबंधित बिल सुरक्षित रखने और पैकेट पर दर्ज निर्माण तिथि, बैच नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारियों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

आगे भी जारी रहेगी जांच और छापेमारी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और असुरक्षित सामग्री की बिक्री रोकने के लिए निगरानी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और लोगों को मिलावट से बचाना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।