300 वर्ष पुराने मालिक लक्ष्मी नारायण मंदिर में 24 घंटे राम नाम धुन संकीर्तन का शुभारंभ
टेन न्यूज नेटवर्क
मधुबनी (5 सितंबर 2026): मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड स्थित उछाल गांव के ऐतिहासिक श्री श्री 1008 मालिक लक्ष्मी नारायण मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर शनिवार से 24 घंटे के राम नाम धुन संकीर्तन का भव्य शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपरांत शुरू हुए इस अखंड संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस में सराबोर वातावरण का अनुभव किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं प्रमुख आशीर्वाददाता के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ज्योतिषाचार्य ज्योतिष रत्न गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रीत पासवान, पूर्व एमएलसी एवं प्रख्यात उद्यमी सुमन महासेठ सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रीत पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि लगभग 300 वर्ष पुराना मालिक लक्ष्मी नारायण मंदिर क्षेत्र की अमूल्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि भगवान लक्ष्मी नारायण की कृपा पूरे पंचायत और जिले पर सदैव बनी रही है तथा इस ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण हम सभी का दायित्व है। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि शुरुआत से ही उनका इस मंदिर से गहरा जुड़ाव रहा है और भगवान का आशीर्वाद उन्हें निरंतर मिलता रहा है।

पूर्व एमएलसी एवं उद्योगपति सुमन महासेठ ने मंदिर परिसर में उपस्थित होकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस परंपरा को और अधिक भव्य रूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक सप्ताह कम से कम पांच मिनट निकालकर मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाना चाहिए।
मुख्य अतिथि ज्योतिष रत्न गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि ने अपने आशीर्वचन में कहा कि यह 300 वर्ष पुराना मंदिर सनातन संस्कृति का ध्वजवाहक है। उन्होंने मंदिर की प्राचीनता, जन्माष्टमी उत्सव की भव्यता और श्रद्धालुओं की आस्था की सराहना करते हुए कहा कि पीढ़ियों से यहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाता रहा है। उन्होंने सभी भक्तों के सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना करते हुए इस परंपरा के निरंतर विस्तार का आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर राजा बाबू (राजेंद्र झा), प्रो. विनोद झा, अजय कुमार झा, पवन झा, दिलीप झा, मनोज झा, ललन झा, सत्यनारायण झा, शंकर झा सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, जयघोष और श्रद्धालुओं की सहभागिता से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।