नोएडा में पर्सनल लोन के नाम पर साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (04/09/2026): नोएडा में पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी से पकड़ा। जांच में सामने आया कि आरोपी ठगी की रकम मंगाने के लिए अपने बैंक खाते साइबर ठगों को 10 प्रतिशत कमीशन पर उपलब्ध कराते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह लोन की जरूरत वाले लोगों का मोबाइल नंबर और अन्य डाटा जुटाकर उन्हें फोन करता था। बातचीत के दौरान कम ब्याज पर पर्सनल लोन दिलाने का झांसा दिया जाता था। विश्वास कायम करने के लिए पीड़ितों को फर्जी लोन अप्रूवल लेटर भेजे जाते थे। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे जमा करा लिए जाते थे।

जांच में आरोपियों के बैंक खातों में कुल 3.40 लाख रुपये के लेनदेन का पता चला है। पुलिस के अनुसार, तुषार के खाते में करीब 1.20 लाख रुपये और सुमित के खाते में 2.20 लाख रुपये आए थे। रकम मिलने के बाद आरोपी अपना कमीशन काटकर बाकी पैसा गिरोह के अन्य सदस्यों को उपलब्ध करा देते थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों बैंक खातों के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर महाराष्ट्र और तमिलनाडु से शिकायतें भी दर्ज हैं। यह कार्रवाई साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 145/2025 से जुड़ी है। इसी मामले में पुलिस पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 दिसंबर 2025 को जेल भेज चुकी है। अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, संदिग्ध बैंक खातों, वेबसाइट और डिजिटल नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लोन के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को प्रोसेसिंग फीस या अन्य शुल्क न भेजें। बैंक खाता, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज भी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी लोन ऑफर की जानकारी संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था से सीधे सत्यापित करने के बाद ही आगे बढ़ें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।